टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक की मौत से उठे सवाल, प्राइवेट पार्ट की चोट ने बढ़ाया शक

Shivashakti Narayan Singh · 26 सितम्बर 2026
वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के दीक्षित शिष्य दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत के मामले में पुलिस हर एंगल से जांच कर…

Premanand Maharaj Disciple Death: वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के दीक्षित शिष्य दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 25 वर्षीय साधु ने चार मंजिला आश्रम की इमारत से छलांग लगाई, लेकिन इससे पहले उनके प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट कैसे लगी, इसे लेकर पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। कमरे से खून से सना ग्राइंडर भी मिला है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

घटना वाराहघाट स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम की है, जहां सिर्फ प्रेमानंद महाराज से दीक्षित शिष्य रहते हैं। शुक्रवार सुबह दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण ने आश्रम की सबसे ऊपरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।पुलिस को अस्पताल से सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्राइवेट पार्ट पर चोट से बढ़ा रहस्य

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि दीपक के प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट थी और वहां से खून बह रहा था। उनके कमरे से खून से सना ग्राइंडर भी बरामद हुआ है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह चोट उन्होंने खुद पहुंचाई या इसमें किसी और की भूमिका है। अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।

सीसीटीवी और मोबाइल की जांच

पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में दीपक आश्रम की ऊपरी मंजिल से छलांग लगाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका जवाब अभी नहीं मिला है। पुलिस ने उनका मोबाइल और डायरी भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और आसपास के कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

दो साल पहले बने थे प्रेमानंद महाराज के शिष्य

दीपक पटेल मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। परिवार के अनुसार उनकी धार्मिक रुचि बचपन से थी। उन्होंने नर्मदा परिक्रमा भी की थी और करीब दो साल पहले वृंदावन आकर प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। इसके बाद उनका नाम रसिक दुलारी शरण हो गया और वे आश्रम में रहने लगे।

परिवार को पहले सिर्फ बीमारी की सूचना दी गई

दीपक के भाई मनीष पटेल ने बताया कि पुलिस ने पहले सिर्फ इतना कहा कि दीपक की तबीयत खराब है और वृंदावन आने को कहा। वहीं उनकी मां ने बताया कि पिछले साल उनकी दीपक से मुलाकात हुई थी और तब उन्होंने उन्हें मथुरा-वृंदावन भी घुमाया था।

पुलिस का क्या कहना है?

एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। सीओ संदीप सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, फॉरेंसिक जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश की जा रही है।