टीएनपी न्यूज़
होम / मनोरंजन
मनोरंजन

नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ेंगे प्रभास? केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने अभिनेता को दिया खास न्योता

Shivashakti Narayan Singh · 22 नवम्बर 2026
नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ेंगे प्रभास

Prabhas Nasha Mukt Bharat: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार प्रभास अब एक सामाजिक अभियान में भी अपनी भूमिका निभा सकते हैं। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने रविवार को अभिनेता से मुलाकात कर उन्हें केंद्र सरकार के 'नशामुक्त भारत' अभियान से जुड़ने का न्योता दिया। मंत्री ने प्रभास से हैदराबाद में आयोजित होने वाले 'हैदराबाद वॉक्स-नशामुक्त भारत' कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की।

इस मुलाकात के दौरान प्रभास और केंद्रीय मंत्री ने यात्रा टी-शर्ट का अनावरण भी किया। कार्यक्रम की थीम नशे के खिलाफ लोगों को एकजुट करना है। इसका संदेश है- 'आइए, नशामुक्त भारत के लिए हम सभी अपनी आवाज उठाएं।'

युवाओं तक पहुंच बनाने में फिल्मी सितारों की भूमिका पर जोर

मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या से निपटने के लिए समाज के प्रभावशाली लोगों की भागीदारी जरूरी है। उनके मुताबिक, फिल्मी सितारे अपनी लोकप्रियता के जरिए इस मुद्दे पर लोगों को जागरूक करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रभास के करोड़ों प्रशंसक हैं और खासकर युवाओं के बीच उनकी बात का असर हो सकता है। मंत्री ने कहा कि अभिनेता की ओर से नशे के खिलाफ की गई अपील बड़ी संख्या में युवाओं तक जागरूकता का संदेश पहुंचा सकती है।

सरकार के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी

किशन रेड्डी ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल सरकारी प्रयासों से नशामुक्त भारत का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए समाज के प्रमुख लोगों और आम नागरिकों को भी आगे आना होगा। मंत्री ने प्रभास को इसी सामूहिक प्रयास का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने इस पहल में भाग लेने को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। हालांकि, कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

'Spirit' में नजर आएंगे प्रभास

फिल्मों की बात करें तो प्रभास जल्द ही निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की आगामी थ्रिलर फिल्म 'Spirit' में दिखाई देंगे। इस फिल्म में उनके साथ तृप्ति डिमरी भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से उत्सुकता है। निर्माताओं के अनुसार, 'Spirit' दुनियाभर के सिनेमाघरों में 29 अक्टूबर 2027 को रिलीज होगी।

यह भी पढ़ें: रिलीज से पांच दिन पहले टली रश्मिका मंदाना की फिल्म 'Mysaa', मेकर्स बोले- बेहतर वर्जन के लिए लिया फैसला