पीएम मोदी की सभा में तेजस्वी यादव को न्योता, नीतीश सेतु के उद्घाटन पर साझा करेंगे मंच?
बिहार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी आमंत्रित किया गया है। राघोपुर विधायक के तौर पर उन्हें प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करने के लिए न्योता मिला है। पीएम मोदी इस दौरान बिहार में 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कच्ची दरगाह से राघोपुर होते हुए बिदुपुर तक बने सिक्सलेन पुल का औपचारिक लोकार्पण होगा। सम्राट चौधरी सरकार ने हाल ही में इस पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखा है, जिसको लेकर बिहार की राजनीति में विवाद भी जारी है।
यह भी पढ़ें: रिसर्च करने वालों को OpenAI का तोहफा, 1 साल तक मुफ्त मिलेगा ChatGPT Plus, जानें कब से होगा अप्लाई
राघोपुर को मिला सालभर का सड़क संपर्क
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। गंगा नदी के दियारा क्षेत्र में स्थित राघोपुर को राजधानी पटना से जोड़ने वाला यह पुल स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
पुल बनने से पहले लोगों को नाव और पीपा पुल के सहारे आवागमन करना पड़ता था। बारिश और बाढ़ के दौरान कई बार संपर्क टूट जाता था। अब क्षेत्र के लोगों को सालभर सीधा और सुरक्षित सड़क संपर्क मिलेगा।
पहले चरण में कच्ची दरगाह से राघोपुर तक सिक्सलेन पुल का उद्घाटन पिछले साल किया गया था। दूसरे चरण में राघोपुर से बिदुपुर तक निर्माण कार्य पूरा हुआ है, जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन होगा आसान
नीतीश सेतु के पूरी तरह चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा। मिथिला और तिरहुत क्षेत्र से पटना पहुंचना पहले की तुलना में आसान होगा। इसके अलावा जेपी सेतु और गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में आतंक का पर्याय नसीम उर्फ रिजवान बुलंदशहर में एनकाउंटर में ढेर, 25 से ज्यादा मामलों में था आरोपी
पुल के नामकरण पर तेजस्वी ने जताई आपत्ति
तेजस्वी यादव ने पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने सरकार से इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने की मांग की है।
तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा था कि भाजपा के मुख्यमंत्री वाली एनडीए सरकार ने नीतीश कुमार के जीवित रहते ही पुल का नाम उनके नाम पर रखकर उनकी कथित राजनीतिक विदाई कर दी है।
पीएम मोदी के कार्यक्रम में जाने पर सस्पेंस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में तेजस्वी यादव शामिल होंगे या नहीं, इसको लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है। आरजेडी की ओर से उनके कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रधानमंत्री वैशाली जिले के जाफरपट्टी गांव में आयोजित सभा में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मंच साझा करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, चिराग पासवान, गिरिराज सिंह, जीतनराम मांझी, ललन सिंह, नित्यानंद राय समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
यह भी पढ़ें: ‘बिहार है तैयार’ कार्यक्रम में 2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, CM सम्राट ने निवेशकों को दिया बड़ा भरोसा