दुनिया में युद्ध और अशांति की चर्चा, भारत सभ्यताओं के बीच संवाद कर रहा: SCO मंच पर बोले पीएम मोदी
PM Modi at SCO Forum: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि जब दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और अशांति की चर्चा हो रही है, तब भारत सभ्यताओं के बीच संवाद को आगे बढ़ाने की पहल कर रहा है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक जुड़ाव दुनिया में शांति बनाए रखने का सबसे मजबूत आधार है। पीएम मोदी नई दिल्ली के पुराना किला में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सभ्यतागत संवाद मंच के उद्घाटन के बाद संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह आयोजन ऐसे समय में हो रहा है, जब वैश्विक चर्चाओं में युद्ध और तनाव का मुद्दा प्रमुख है। ऐसे माहौल में सभ्यताओं के बीच आपसी संबंधों और साझा विरासत पर बातचीत करना महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक, सांस्कृतिक संबंध वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी का काम करते हैं।
SCO में सांस्कृतिक सहयोग से मजबूत होंगे रिश्ते
पीएम मोदी ने SCO की अब तक की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि संगठन ने पिछले वर्षों में सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत किया है। अब सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग से सदस्य देशों के बीच संबंधों को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले ही SCO की स्थापना के 25 साल पूरे हुए हैं। इस दौरान संगठन ने कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग को आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि पहला सभ्यतागत संवाद मंच नए विचारों और सांस्कृतिक सहयोग के अवसरों को सामने लाएगा। उन्होंने कहा कि अलग-अलग देशों के साझा सभ्यतागत अनुभव दुनिया को एकजुट करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे।
10 सदस्य देशों समेत पर्यवेक्षक और साझेदार भी आमंत्रित
भारत 20 से 22 नवंबर तक इस तीन दिवसीय बहुपक्षीय आयोजन की मेजबानी कर रहा है। इसमें SCO के सदस्य देशों के अलावा पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को भी आमंत्रित किया गया है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया था कि भारत ने पाकिस्तान समेत संगठन के सभी सदस्य देशों को निमंत्रण भेजा है। यह आयोजन SCO के तहत सभ्यताओं की साझा विरासत को समझने और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस मंच की शुरुआत का प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में चीन के तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन में रखा था। उन्होंने संगठन के तहत सभ्यतागत संवाद के लिए एक अलग मंच बनाने की बात कही थी। बाद में बिश्केक घोषणा में इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया।
'वसुधैव कुटुंबकम' की थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुति
उद्घाटन समारोह में 'Civilisations in Conversation - Cultural Show' नाम से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया। इसकी थीम 'वसुधैव कुटुंबकम - विश्व एक परिवार है' रखी गई थी। इसमें संगीत, नृत्य, दृश्य कहानी और कथावाचन के जरिए भारत और यूरेशिया की सांस्कृतिक समानताओं और संबंधों को दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत पर आधारित 'ASTITVA - The Essence of Our Existence' प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें दिल्ली के इतिहास को 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में खुदाई से मिले अवशेष, कलाकृतियां और प्राचीन वास्तुकला से जुड़े नमूने शामिल हैं। इसके अलावा 18वीं सदी की दुर्लभ चित्रित महाभारत पांडुलिपि को प्रदर्शित करने वाला 'महाभारत स्क्रॉल पवेलियन – अनंत' भी आकर्षण का केंद्र है।
21 और 22 नवंबर को होंगे चार विषयगत सत्र
इस मंच के तहत 21 और 22 नवंबर को चार विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्वान, शिक्षाविद, विषय विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।इन सत्रों में संगीत, प्रदर्शन कला, वस्त्र, खानपान और पारंपरिक खेलों जैसी सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों पर चर्चा होगी। इसके अलावा कला और वास्तुकला की साझा परंपराओं, भाषा और साहित्य, प्राचीन लिपियों, पांडुलिपियों तथा मठों से जुड़े ऐतिहासिक मार्गों और दार्शनिक परंपराओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इस मंच का उद्देश्य SCO क्षेत्र के देशों के बीच साझा सभ्यतागत विरासत को समझना और सांस्कृतिक संवाद के जरिए आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है। भारत की मेजबानी में हो रहा यह पहला आयोजन इसी दिशा में एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी की सभा में तेजस्वी यादव को न्योता, नीतीश सेतु के उद्घाटन पर साझा करेंगे मंच?