भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिले नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह, बाढ़ त्रासदी पर जताई संवेदना
नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच मजबूत और बहुआयामी संबंधों के साथ-साथ आपसी सहयोग को और आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। राष्ट्रपति मुर्मु ने मार्च 2026 के चुनावों में बालेन्द्र शाह की सरकार को मिले निर्णायक जनादेश के लिए उन्हें बधाई दी और नेपाल की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के उनके प्रयासों की सफलता की कामना की।
नेपाल में बाढ़ से हुई जनहानि पर जताया दुख
मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नेपाल के भोटेकोशी क्षेत्र में बाढ़ के कारण हुई जनहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा की तरह इस कठिन समय में नेपाल के साथ खड़ा रहा है। भारत की ओर से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल मानवीय सहायता और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया गया।
राष्ट्रपति ने भरोसा दिलाया कि भारत आगे भी नेपाल के संकट से उबरने और पुनर्निर्माण के प्रयासों में एक करीबी सहयोगी के रूप में मदद करता रहेगा।
जलवायु परिवर्तन दोनों देशों के लिए साझा चुनौती
राष्ट्रपति मुर्मु ने जलवायु परिवर्तन को भारत और नेपाल, दोनों के लिए एक बड़ी साझा चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम और प्राकृतिक आपदाओं के बढ़ते खतरे को देखते हुए दोनों देशों के लिए पूर्व चेतावनी प्रणालियों और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में मिलकर काम करना जरूरी है।
व्यापार से लेकर डिजिटल सेवाओं तक सहयोग बढ़ाने पर जोर
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और नेपाल के विशेष संबंध साझा सभ्यतागत विरासत और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित हैं। उन्होंने इस यात्रा के दौरान घोषित संयुक्त दृष्टि दस्तावेज (ज्वाइंट विजन डॉक्यूमेंट) को दोनों देशों के नागरिकों, विशेषकर युवाओं की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताया।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह दस्तावेज भारत-नेपाल के बीच व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचे, विकास साझेदारी, कनेक्टिविटी और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देगा। इसके साथ ही स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं, अंतरिक्ष और नवाचार जैसे उभरते क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।
भारत और नेपाल के बीच यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब दोनों देश पारंपरिक रिश्तों को नई तकनीक, विकास और क्षेत्रीय सहयोग के जरिए और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
Written By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती
और पढ़ें: 6 साल बाद BJP और अकाली दल फिर साथ-साथ, अमित शाह और Nitin Nabin ने क्या कुछ कहा जानें?