घूमने का है प्लान? पैकिंग करते समय स्किन केयर की इन चीजों को न करें नजरअंदाज;सफर में भी त्वचा रहेगी ग्लोइंग
घूमने जाने की तैयारी में हम कपड़े, जूते और मेकअप का सामान तो रख लेते हैं, लेकिन कई बार स्किन केयर की चीजें भूल जाते हैं। सफर के दौरान धूप, धूल, पसीने और एसी की वजह से त्वचा रूखी और बेजान हो सकती है। ऐसे में ट्रिप पर जाने से पहले अपने बैग में स्किन केयर का जरूरी सामान रखना न भूलें। इससे आप घूमने के साथ-साथ अपनी त्वचा का भी ध्यान रख पाएंगे।
सनस्क्रीन और फेस वॉश जरूर रखें
ट्रिप के दौरान अगर आप ज्यादा समय बाहर बिताने वाले हैं, तो सनस्क्रीन साथ रखना बहुत जरूरी है। धूप से त्वचा को बचाने के लिए SPF 30 या उससे ज्यादा वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन चुनें। इसे बाहर जाने से करीब 15 मिनट पहले लगाएं और हर दो घंटे में दोबारा इस्तेमाल करें। अगर पसीना आता है या आप स्विमिंग करते हैं, तो सनस्क्रीन फिर से लगाएं।
इसके साथ अपनी त्वचा के हिसाब से माइल्ड फेस वॉश भी रखें। इससे चेहरे पर जमा धूल, पसीना और गंदगी साफ करने में मदद मिलेगी। ध्यान रखें कि बार-बार चेहरा धोने या तेज स्क्रब का इस्तेमाल करने से त्वचा में रूखापन और जलन हो सकती है।
मॉइस्चराइजर और लिप बाम रखना न भूलें
लंबे सफर, ठंडी हवा और एसी में लगातार रहने से त्वचा की नमी कम हो सकती है। इसलिए अपने बैग में मॉइस्चराइजर जरूर रखें। ऑयली स्किन वालों के लिए हल्का मॉइस्चराइजर अच्छा विकल्प है, जबकि ड्राई स्किन वालों को थोड़ा गाढ़ा मॉइस्चराइजर इस्तेमाल करना चाहिए। चेहरा धोने के बाद इसे लगाने से त्वचा मुलायम बनी रहती है।
इसके अलावा, होंठों और हाथों की देखभाल के लिए लिप बाम और छोटी हैंड क्रीम भी साथ रखें। अगर आप घूमने के दौरान ज्यादा समय धूप में बिताने वाले हैं, तो SPF वाला लिप बाम चुनें। इससे होंठों को धूप के असर से बचाने में मदद मिलेगी।
मेकअप हटाने के लिए रखें क्लींजर
अगर आप ट्रिप पर मेकअप करती हैं, तो उसे हटाने के लिए माइल्ड क्लींजर या मेकअप रिमूवर भी अपने बैग में रखें। रात को सोने से पहले चेहरे से मेकअप और गंदगी साफ करना जरूरी है। इससे त्वचा साफ रखने में मदद मिलती है।
ये भी पढ़ें- बिना I Love You कहे जताएं प्यार, पार्टनर से बोलें ये खास लाइनें
छोटी-छोटी जरूरी चीजें भी आएंगी काम
स्किन केयर के सामान के साथ एक साफ छोटा तौलिया और कॉटन पैड भी रख लें। मॉइस्चराइजर और लिप बाम की छोटी पैकिंग चुनें, ताकि इन्हें बैग में रखना आसान हो और बार-बार बड़ा बैग न खोलना पड़े। एक बात का खास ध्यान रखें कि सफर के दौरान पहली बार कोई नया स्किन केयर प्रोडक्ट इस्तेमाल न करें। इससे कुछ लोगों को एलर्जी, खुजली या जलन हो सकती है। वही प्रोडक्ट साथ रखें जो आपकी त्वचा को पहले से सूट करते हों। ट्रिप पर जाने से पहले स्किन केयर का छोटा-सा बैग तैयार कर लें। इससे सफर में सामान संभालना आसान होगा और आप अपनी त्वचा की देखभाल भी बिना किसी परेशानी के कर पाएंगे।