फिलीपींस के हाई स्कूल में गोलीबारी से दहशत, हमलावर समेत 3 की मौत; 8 घायल, 4 की हालत गंभीर
Philippines School Shooting: दक्षिणी फिलीपींस के एक हाई स्कूल में शुक्रवार को गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। हमलावर ने छात्रों पर गोलियां चला दीं, जिसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। घटना में हमलावर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
लंच के बाद छात्रों पर बरसाईं गोलियां
साउथ कोटाबाटो के बांगा शहर के मेयर अल्बर्ट पालेन्सिया के मुताबिक, हमलावर घटना से पहले अपने दोस्तों के साथ बैठा था। उसने दोस्तों से घर जाने के लिए कहा और कथित तौर पर बताया कि वह लंच के बाद अपने प्लान को अंजाम देने वाला है।
दोस्तों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और मजाक समझकर हंसने लगे। इसके बाद लंच के बाद हमलावर ने छात्रों पर गोली चलानी शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार, उसने खुद को गोली मारने से पहले कई छात्रों को निशाना बनाया।
14 से 17 साल के हैं पीड़ित
अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी में प्रभावित सभी लोगों की उम्र 14 से 17 साल के बीच है। घटना में तीन छात्रों की मौत हुई है, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जून के बाद स्कूल में गोलीबारी की तीसरी घटना
फिलीपींस में स्कूलों के अंदर इस तरह की गोलीबारी की घटनाएं पहले अपेक्षाकृत कम सामने आती थीं। लेकिन जून के बाद से यह स्कूल में हुई तीसरी जानलेवा गोलीबारी है, जिसने स्कूलों की सुरक्षा और हथियारों की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पिछले महीने दक्षिणी फिलीपींस के जाम्बोआंगा में एक क्लासरूम के अंदर एक छात्र ने कथित तौर पर दूसरे छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना का वीडियो लाइव-स्ट्रीम किए जाने की भी जानकारी सामने आई थी। इसके बाद आरोपी छात्र ने खुदकुशी कर ली थी।
इससे पहले जून में टैकलोबन के एक पब्लिक हाई स्कूल में गोलीबारी हुई थी। इस हमले में कम से कम तीन छात्रों की मौत और करीब 20 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। अधिकारियों के अनुसार, दो सहपाठियों ने कैंपस में गोलीबारी की थी।
गन कंट्रोल और स्कूल सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद फिलीपींस में बंदूक नियंत्रण और स्कूलों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। देश में बंदूक रखने के लिए बैकग्राउंड चेक और मनोवैज्ञानिक जांच जैसी प्रक्रियाएं लागू हैं, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक अवैध हथियारों की मौजूदगी अब भी चुनौती बनी हुई है।
गवर्नर ने माता-पिता से की अपील
साउथ कोटाबाटो के गवर्नर रेनाल्डो तमायो ने माता-पिता और बंदूक मालिकों से अपील की है कि हथियारों को नाबालिगों की पहुंच से दूर रखा जाए। उन्होंने कहा कि बंदूक रखने वालों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि नाबालिग हथियारों तक न पहुंच सकें। गवर्नर ने यह भी कहा कि हजारों छात्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल कुछ सुरक्षाकर्मियों के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती। इसके लिए परिवारों, स्कूलों और प्रशासन को मिलकर काम करना होगा।