टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

दिवाली से पहले पटना में मिठाई-खजूर पर खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 13.29 लाख का सामान नष्ट; 1270 किलो खजूर जब्त

Shailesh Yadav · 5 नवम्बर 2026
दिवाली से पहले पटना में मिठाई-खजूर पर खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन

Patna News: दिवाली के त्योहार से पहले बिहार की राजधानी पटना में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। अनिशाबाद स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज में छापेमारी कर टीम ने 6 लाख 35 हजार रुपये मूल्य के 1,270 किलोग्राम खजूर जब्त किए। वहीं, करीब 13 लाख 29 हजार 200 रुपये की 2,140 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। कार्रवाई के दौरान मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंट में भी कई खामियां मिलीं। कहीं वैध FSSAI लाइसेंस नहीं था तो कहीं रसोई की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव में लापरवाही सामने आई।

शालीमार कोल्ड स्टोरेज से 1270 किलो खजूर जब्त
खाद्य संरक्षा टीम ने पटना के अनिशाबाद, न्यू बाइपास स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज में छापेमारी की। यहां 6.35 लाख रुपये मूल्य के 1,270 किलोग्राम खजूर के पैकेट मिले, जिन पर पैकिंग की तारीख अंकित नहीं थी। टीम ने खजूर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा।

कार्रवाई के दौरान कोल्ड स्टोरेज में रखी 2,140 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई, जिसकी कीमत 13 लाख 29 हजार 200 रुपये बताई गई है। इसमें 1,440 किलोग्राम मिठाई, 600 किलोग्राम सूखा अंजीर और 100 किलोग्राम दही शामिल था।

निरीक्षण में कोल्ड स्टोरेज की साफ-सफाई और स्वच्छता की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। टीम ने इन कमियों को अपनी रिपोर्ट में दर्ज करते हुए प्रतिष्ठान के खाद्य लाइसेंस के निलंबन पर विचार करने की बात कही है।

दिवाली से पहले मिठाई की दुकान का कारोबार बंद
पटना के कुर्जी स्थित 'जय माता दी द स्वीट शॉप' के निरीक्षण में वैध भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) लाइसेंस नहीं मिला। खाद्य संरक्षा नियमों के उल्लंघन के चलते टीम ने प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार बंद करा दिया। कार्रवाई के दौरान 360 रुपये मूल्य के 4 किलोग्राम वेज नूडल्स और 3 किलोग्राम सोया सॉस नष्ट किए गए। जांच के लिए बतीसा स्वीट्स का एक नमूना भी लिया गया।

न्यू कुर्जी रेस्टोरेंट का किचन दो दिन के लिए बंद
कुर्जी मोड़ स्थित 'न्यू कुर्जी रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स एंड नमकीन' के निरीक्षण में रसोई की साफ-सफाई, जल निकासी और खाद्य सामग्री के भंडारण में कमियां पाई गईं। प्रतिष्ठान में पानी की जांच रिपोर्ट, स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और कीट नियंत्रण से जुड़ा प्रमाण भी उपलब्ध नहीं था।

टीम ने रेस्टोरेंट को सुधार नोटिस जारी किया और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए उसका किचन दो दिनों के लिए बंद करा दिया। निरीक्षण के दौरान 2,640 रुपये मूल्य की 22 लीटर सामग्री नष्ट की गई। इसमें 5 लीटर टोमैटो सॉस, 2 लीटर सोया सॉस और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ तेल शामिल था। जांच के लिए गोंद के लड्डू का नमूना लेकर खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

'द सोडा फाउंटेन' को सुधार नोटिस, छेना मिठाई का नमूना लिया
गांधी मैदान के पूर्वी क्षेत्र में स्थित 'द सोडा फाउंटेन' का भी निरीक्षण किया गया। यहां कर्मचारियों की चिकित्सा जांच रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। टीम ने प्रतिष्ठान को कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस दिया। इसके साथ ही जांच के लिए छेना मिठाई का नमूना लिया गया, जिसे खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर
दिवाली के त्योहार को देखते हुए मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य संरक्षा विभाग की कार्रवाई अहम मानी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की निगरानी के लिए नियमित निरीक्षण और छापेमारी कर रही है। निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। 

और पढ़ें: दिल्ली में झुग्गीवासियों को मिलेगा पक्का मकान! 4-5 लाख परिवारों को राहत, हर पात्र परिवार को 1-BHK फ्लैट देने की तैयारी