टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क से CISF के 34 पद खत्म, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश

Shailesh Yadav · 28 सितम्बर 2026
पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क से CISF के 34 पद खत्म

नई दिल्ली: उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित स्वामी रामदेव के पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क प्राइवेट लिमिटेड में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी 34 स्वीकृत पदों को खत्म कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने CISF को इन पदों को समाप्त करने का औपचारिक आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई CISF द्वारा 4 मई 2026 को फूड पार्क से अपनी सुरक्षा व्यवस्था वापस लेने के कुछ महीने बाद हुई है।

गृह मंत्रालय की ओर से इस महीने CISF को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 4 मई 2026 को पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क से CISF की सुरक्षा विंग वापस लिए जाने के बाद 34 स्वीकृत पदों को समाप्त किया जाता है।

 

34 पदों में कौन-कौन शामिल थे?

पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क में CISF की स्वीकृत सुरक्षा क्षमता कुल 34 personnel की थी। इसमें 1 असिस्टेंट कमांडेंट, 4 सब-इंस्पेक्टर,  2 असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर,  11 हेड कांस्टेबल, 16 कांस्टेबल शामिल थे। गृह मंत्रालय ने CISF को यह भी निर्देश दिया है कि अगर प्रबंधन की ओर कोई बकाया या लंबित राशि बाकी है तो उसे संबंधित प्रबंधन से वसूल किया जाए।

2015 में शुरू हुई थी CISF की सुरक्षा

पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क में CISF की तैनाती जून 2015 में शुरू हुई थी। इससे पहले मई 2015 में फूड पार्क के सुरक्षा गार्डों और स्थानीय ट्रक यूनियन के समर्थकों के बीच विवाद के दौरान हिंसक झड़प हुई थी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

बताया गया कि ट्रक यूनियन के समर्थक फूड पार्क द्वारा हरिद्वार के बाहर के ट्रक ऑपरेटरों से उत्पादों की ढुलाई कराने का विरोध कर रहे थे। घटना के बाद 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें योग गुरु रामदेव के भाई रामभरत भी शामिल थे।

इसके बाद जून 2015 में फूड पार्क की सुरक्षा व्यवस्था के लिए CISF की तैनाती की गई थी। इसकी सुरक्षा सेवा का खर्च फूड पार्क प्रबंधन की ओर से केंद्र सरकार को दिया जाता था।

अब पूरी तरह खत्म हुई स्वीकृत सुरक्षा संरचना

4 मई 2026 को CISF की तैनाती वापस लिए जाने के बाद अब गृह मंत्रालय के आदेश से फूड पार्क में CISF सुरक्षा विंग से जुड़े सभी 34 स्वीकृत पद भी समाप्त कर दिए गए हैं। यह आदेश असिस्टेंट कमांडेंट से लेकर कांस्टेबल तक सभी पदों पर लागू है।

गृह मंत्रालय का यह पत्र CISF के अतिरिक्त महानिदेशक (उत्तर), CISF महानिदेशक, पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क के मुख्य कार्यकारी अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है।

देशभर में 361 महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा करता है CISF

CISF की स्थापना संसद के अधिनियम के तहत वर्ष 1968 में हुई थी। शुरुआत में बल में 3,129 personnel थे, जबकि वर्तमान में इसकी संख्या करीब 2.20 लाख है। CISF देश के लगभग सभी राज्यों में तैनात है।

वर्तमान में CISF 361 महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रतिष्ठानों, जिनमें 70 हवाई अड्डे भी शामिल हैं, को सुरक्षा प्रदान करता है। इसके अलावा बल के पास 12 रिजर्व बटालियन हैं, जिन्हें सुरक्षा संबंधी आपात स्थिति में तैनात किया जा सकता है। CISF देशभर में आठ प्रशिक्षण संस्थानों का संचालन भी करता है।