विदेशी धरती पर भारत की आलोचना क्यों करते हैं राहुल गांधी? पंकज चौधरी ने उठाए सवाल
Lucknow News: उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भारत की अर्थव्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को लेकर दिए गए बयान पर तीखा पलटवार किया है। कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने उन पर विदेशी धरती से भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी को 'युवराज' बताते हुए सवाल किया कि वह विदेशों में जाकर बार-बार अपने ही देश की आलोचना क्यों करते हैं।
दरअसल, राहुल गांधी ने बुधवार को अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत आर्थिक संकट की स्थिति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की गहरी समस्याओं को इसकी प्रमुख वजह बताया था।
राहुल गांधी ने कहा था, ''सीधी बात यह है कि भारत एक आर्थिक आपदा के मुहाने पर खड़ा है। यह हकीकत है। मीडिया इसे नजरअंदाज कर सकता है, लेकिन भारत में बेरोजगारी की बड़ी समस्या है। देश की शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर समस्याओं का सामना कर रही है।''
युवराज अपने ही देश से इतनी नफरत क्यों करते हैं?
राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ''युवराज अपने ही देश से इतनी नफरत क्यों करते हैं? वह विदेशी धरती पर जाकर हमेशा अपने देश को नीचा क्यों दिखाते हैं? अब कोलंबिया यूनिवर्सिटी में देश की अर्थव्यवस्था को लेकर बेबुनियाद टिप्पणियां कर रहे हैं।''
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी के राजनीतिक करियर पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पिछले 20 वर्षों में अपनी पार्टी के लिए भी सफल नेतृत्व स्थापित नहीं कर पाए हैं।
भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर भी किया पलटवार
पंकज चौधरी ने राहुल गांधी के आर्थिक संकट वाले आकलन को खारिज करते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कभी भारतीय अर्थव्यवस्था को मृत अर्थव्यवस्था बताते हैं तो कभी देश के बर्बादी के कगार पर होने की बात करते हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि विदेशी मंचों पर भारत की आलोचना करके राहुल गांधी आखिर किसे मजबूत करना चाहते हैं? चौधरी ने कहा कि जब उन्हें देश में समर्थन नहीं मिलता तो वह कभी विदेशियों को भारत के खिलाफ बोलने का मंच देते हैं और कभी खुद विदेशी मंचों से देश की आलोचना करते हैं। उन्होंने ऐसी राजनीति को शर्मनाक बताया।
दो दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं राहुल गांधी
बता दें कि राहुल गांधी इन दिनों दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ शैक्षणिक संवाद में हिस्सा लिया।
इसके अलावा उन्होंने इलिनॉय स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ भी चर्चा की। इसी अमेरिकी दौरे के दौरान कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिए गए उनके आर्थिक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े बयान पर भारत में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
और पढ़ें; दिल्ली HC की सख्ती, 2 बच्चों की मौत पर DDA और जल बोर्ड को ठहराया लापरवाह, मुआवजे का दिया आदेश