टीएनपी न्यूज़
होम / मनोरंजन
मनोरंजन

Panchayat Season 5: बनराकस ने खोला राज, इस दिन सामने आएगी पंचायत सीजन 5 रिलीज डेट

Shivashakti Narayan Singh · 17 नवम्बर 2026
इस दिन सामने आएगी पंचायत सीजन 5 रिलीज डेट

नई दिल्ली: ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खबर है। फुलेरा के बनराकस यानी अभिनेता दुर्गेश कुमार ने साफ कर दिया है कि सीजन 5 की रिलीज डेट का खुलासा कब होगा। उनके मुताबिक, दर्शकों को अब तारीख जानने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। 18 नवंबर 2026 यानी बुधवार को ‘पंचायत 5’ की रिलीज डेट बताई जाएगी।

इस ऐलान के पीछे बनराकस और फैंस के बीच चल रही दिलचस्प शर्तों की कहानी भी है। दरअसल, हाल ही में दुर्गेश कुमार ने सोशल मीडिया पर सीरीज की रिलीज डेट बताने के बदले फैंस के सामने एक टास्क रखा था। शुरुआत में उनसे एक करोड़ हार पहनाने की मांग की गई थी। फैंस ने मिलकर यह लक्ष्य पूरा कर दिया तो अगली शर्त 10 करोड़ फूलों का हार पहनाने की रख दी गई।

अब माना जा रहा है कि फैंस ने यह चुनौती भी पूरी कर दी है। इसके बाद बनराकस ने रिलीज डेट के ऐलान का समय बता दिया है।

प्राइम वीडियो ने भी शेयर किया अपडेट

‘पंचायत’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता के बीच प्राइम वीडियो ने भी बनराकस की शर्त पूरी होने से जुड़ा वीडियो साझा किया है। इस अपडेट के बाद सोशल मीडिया पर सीजन 5 को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

हालांकि, अभी तक सामने आई जानकारी में सीरीज की वास्तविक रिलीज तारीख नहीं बताई गई है। फिलहाल 18 नवंबर को सिर्फ रिलीज डेट का ऐलान किए जाने की बात कही गई है। ऐसे में दर्शकों की नजर अब बुधवार को होने वाले खुलासे पर टिकी है।

क्या है पंचायत की कहानी?

‘पंचायत’ की कहानी उत्तर प्रदेश के काल्पनिक गांव फुलेरा में रहने वाले पंचायत सचिव अभिषेक त्रिपाठी के इर्द-गिर्द घूमती है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद बेहतर नौकरी नहीं मिलने पर अभिषेक गांव में पंचायत सचिव की नौकरी स्वीकार करता है। शुरुआत में गांव का माहौल और वहां की जिम्मेदारियां उसके लिए चुनौती बनती हैं, लेकिन धीरे-धीरे वह गांव के लोगों और उनकी जिंदगी का हिस्सा बन जाता है।सीरीज में जितेंद्र कुमार अभिषेक की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, चंदन रॉय, फैसल मलिक और संविका जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आते हैं। दुर्गेश कुमार का निभाया बनराकस का किरदार भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय है।

यह भी पढ़ें: Ali Fazal: ‘A Passage to India’ सीरीज में नजर आएंगे अली फजल, नसीरुद्दीन शाह भी निभाएंगे अहम भूमिका