टीएनपी न्यूज़
होम / विदेश
विदेश

पाकिस्तान में मंत्री का अपहरण, AK-47 तानकर नकाबपोशों ने किया अपहरण

MADHVI TANWAR · 22 सितम्बर 2026
हेल्थ इंजीनियरिंग मंत्री

International News: पाकिस्तान में पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग मंत्री फजल शकूर खान का अपहरण कर लिया गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पाकिस्तान की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। हथियारबंद नकाबपोश ने बीच सड़क उनकी गाड़ी को रोका और उसके पहियों पर गोली चलाई। इसके बाद हथियारबंद अपहरणकर्ता मंत्री को अपने साथ लेकर चले गए।

गाड़ी रोककर चलाई गोली

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में दिनदहाड़े पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग मंत्री फजल शकूर खान का हथियारबंद नकाबपोशों ने अपहरण कर लिया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि हथियारबंद हमलावरों ने मोटर-वे पर मंत्री की गाड़ी को रोका और टायरों पर गोली चलाई। फजल शकूर खान को किस संगठन ने अगवा किया है, इसके पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

खैला बाईपास पर जाम लगाया

मंत्री फजल शकूर खान के अपहरण के बाद प्रांतीय विधायक शकील अहमद के अपहरण का प्रयास करने की भी खबर सामने आई। मलाकंद में शकील अहमद को निशाना बनाए जाने के मामले में पीटीआई कार्यकर्ताओं में गुस्सा भड़क उठा। भारी संख्या में पीटीआई कार्यकर्ताओं ने बट खैला बाईपास पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर टायर जलाए और जमकर नारेबाजी भी की। खैबर पख्तूनख्वा में उसके प्रांतीय नेतृत्व को निशाना बनाकर और नेताओं को बंदूक की नोक पर अगवा करने की कोशिश की जा रही है।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

खैबर पख्तूनख्वा के सूचना मंत्री शफी जान ने इस तरह की घटनाओं को संविधान, कानून और जनता के जनादेश पर सीधा हमला बताया है। पीटीआई के वरिष्ठ नेताओं ने मंत्री और पार्टी नेताओं को निशाना बनाए जाने पर जवाबदेही मांगी है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि उसके मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ कार्रवाई और घटनाएं नहीं रुकेंगी तो प्रांत में विरोध प्रदर्शन तेज होगा। फिलहाल अब फजल शकूर खान के अपहरण के पीछे किसका हाथ है और उनका क्या हुआ, इसे लेकर जांच की जा रही है।