टीएनपी न्यूज़
होम / विदेश
विदेश

चूल्हे ठंडे, भूख से बेहाल आवाम, Pakistan में गैस संकट से हाहाकार! शहबाज सरकार की खुली पोल

Anurag Kumar Tripathi · 16 नवम्बर 2026
Pakistan

Pakistan: पाकिस्तान में आर्थिक बदहाली का असर अब सीधे आम आदमी की रसोई तक पहुंच गया है। कहीं गैस का इंतजार कर रहे परिवार हैं, तो कहीं चूल्हे जलाने के लिए भी लोगों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है।

महंगाई की मार पहले से झेल रही जनता के सामने अब खाना पकाना भी किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है। गैस संकट ने पाकिस्तान के घरेलू हालात बिगाड़ दिए हैं और शहबाज शरीफ सरकार की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pakistan में गैस संकट में हाहाकार

पाकिस्तान के जुड़वां शहरों, इस्लामाबाद और रावलपिंडी - के निवासियों को खाना पकाने के लिए वैकल्पिक ईंधन का इस्तेमाल करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। ऐसा इसलिए है क्योंकि लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) की कीमतें बहुत बढ़ गई हैं और प्राकृतिक गैस (नेचुरल गैस) भी दिन में केवल छह घंटे ही उपलब्ध हो पा रही है।

ज्यादातर लोगों ने खाना पकाने के लिए लकड़ी और कोयले का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। इसकी वजह यह है कि LPG सिलेंडर की कीमत बढ़कर 600 पाकिस्तानी रुपये (PKR) प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है, जबकि 'ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी' (OGRA) ने इसकी कीमत 279 PKR प्रति किलोग्राम तय की थी। पाकिस्तान के एक दैनिक समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार, जिला प्रशासन और OGRA यह सुनिश्चित करने में नाकाम रहे हैं कि लोगों को तय कीमतों पर LPG मिल सके।

बदहाली की कगार पर पाकिस्तानी आवाम

गैस संकट के चलते आम परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे घरेलू खर्च और बढ़ रहा है। इसका असर केवल घरों तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे कारोबार और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

इस बीच पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार की ऊर्जा नीतियों और गैस आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। विपक्ष और आम लोगों के बीच यह चर्चा तेज है कि आखिर ऊर्जा संसाधनों से जुड़ी चुनौतियों का समाधान कब निकलेगा? सरकार की ओर से जनता को राहत देने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं और गैस की नियमित आपूर्ति कब सुनिश्चित होगी?

यह भी पढ़े - India-Pakistan Tension: एलओसी पर भीषण गोलीबारी से मचा हड़कंप! क्या दोनों देशों के बीच छिड़ने वाली है महाजंग?