टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

ओवैसी के बयान पर भड़की कांग्रेस, शमा मोहम्मद बोलीं- 'यह नामर्दी है', कोटा नीलिमा से मांगी माफी

Shivani Gupta · 20 नवम्बर 2026
ओवैसी के बयान पर भड़की कांग्रेस, शमा मोहम्मद

हैदराबाद सांसद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा की पत्नी और तेलंगाना कांग्रेस नेता कोटा नीलिमा पर ओवैसी की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने ओवैसी के बयान की निंदा करते हुए उन्हें निशाने पर लिया और महिला नेता को राजनीतिक विवाद में घसीटने पर नाराजगी जताई।

शमा मोहम्मद ने कहा कि अगर पवन खेड़ा ने ओवैसी के खिलाफ कोई बयान दिया था, तो उन्हें इसका जवाब सीधे पवन खेड़ा को देना चाहिए था। उनकी पत्नी को बीच में लाना गलत है। कांग्रेस प्रवक्ता ने इस दौरान ओवैसी के लिए विवादित शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि उनका बयान महिलाओं के प्रति मानसिकता को दर्शाता है।

शमा मोहम्मद ने पीएम मोदी पर भी साधा निशाना

कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने ओवैसी पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को राजनीतिक विवादों में निशाना बनाने की प्रवृत्ति केवल ओवैसी तक सीमित नहीं है, बल्कि पीएम मोदी भी पहले महिलाओं को लेकर इसी तरह की टिप्पणियां कर चुके हैं।

शमा मोहम्मद ने ओवैसी की टिप्पणी को भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों में महिलाओं को निशाना बनाना उचित नहीं है।

      View this post on Instagram      

A post shared by Asian News International (@ani_trending)

क्या है ओवैसी और पवन खेड़ा के बीच विवाद?

दरअसल, विवाद की शुरुआत तब हुई जब पवन खेड़ा ने उत्तर प्रदेश में चुनावी गतिविधियों के दौरान असदुद्दीन ओवैसी की आलोचना की। इसके जवाब में ओवैसी ने एक सभा के दौरान खेड़ा की पत्नी और तेलंगाना कांग्रेस की नेता कोटा नीलिमा का जिक्र किया।

ओवैसी ने कहा कि पवन खेड़ा को अपनी पत्नी के चुनावी प्रदर्शन की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने हैदराबाद में कोटा नीलिमा के चुनाव लड़ने और उनकी जमानत जब्त होने का जिक्र करते हुए खेड़ा पर निशाना साधा। ओवैसी के इस बयान के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे व्यक्तिगत हमला बताते हुए विरोध जताया।

कांग्रेस ने ओवैसी से मांगी बिना शर्त माफी

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने भी ओवैसी की टिप्पणी की निंदा की। उन्होंने कहा कि ओवैसी को कांग्रेस पार्टी की आलोचना करने और राजनीतिक मुद्दों पर सवाल उठाने का अधिकार है, लेकिन किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस ने ओवैसी से अपना बयान वापस लेने और कोटा नीलिमा से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। इस बयान के बाद दोनों राजनीतिक दलों के बीच विवाद और तेज होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक, कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि