उत्तर प्रदेश चुनाव
SP-कांग्रेस गठबंधन पर ओपी राजभर का हमला, बोले- 'अखिलेश यादव ने कांग्रेस को दिया धोखा'
Ajit Kumar Singh · 25 नवम्बर 2026
SP Congress alliance
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान अब राजनीतिक बयानबाजी में बदल गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से 5 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बाद कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है। जिसके बाद अब उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी इस विवाद में अपनी एंट्री दर्ज कर ली है।
समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को धोखा दिया है:ओपी राजभर
कांग्रेस और SP के बीच सीट-बंटवारे की बातचीत पर उत्तर प्रदेश के मंत्री ओपी राजभर ने कहा है कि, "समाजवादी पार्टी ने गठबंधन का पालन नहीं किया और कांग्रेस को धोखा दिया है। समाजवादी पार्टी द्वारा 5 सीटों की सूची जारी करने से हमारे सामने दो बातें साफ हो गईं हैं। कांग्रेस पर दबाव और चंद्रशेखर आज़ाद व ओवैसी का गठबंधन। मुस्लिम वोटों को ओवैसी की तरफ जाने से रोकने के लिए समाजवादी पार्टी ने 5 उम्मीदवारों की सूची जारी की और PDA को परिभाषित किया।
SP ने मानो कांग्रेस के गाल पर तमाचा मारा है:ओपी राजभर
ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी पर कांग्रेस को धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इमरान मसूद ने बयान दिया है कि हम यहां भीख मांगने नहीं आए हैं। ओपी राजभर सपा पर तंज करते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने 5 सीटों की सूची जारी करके मानो उनके गाल पर तमाचा मारा है। यह जताते हुए कि 'हमने आपके घर में सूची जारी कर दी है; अब आपको जो करना है, वह करें।' उन्होंने कहा कि आज PDA खत्म हो गया है, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को धोखा दिया है। अखिलेश यादव को चंद्रशेखर और ओवैसी का डर सता रहा है।"
SP को सता रहा है चंद्रशेखर और ओवैसी के गठजोड़ का डर
ओपी राजभर ने यह भी दावा किया कि अखिलेश यादव को चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के संभावित गठजोड़ से चिंता हो रही है। उन्होंने कहा कि सपा की पहली सूची में पांच में से चार मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देना इसी राजनीतिक चिंता का संकेत है। अखिलेश यादव का यह कदम कांग्रेस पर दबाव बनाने और मुस्लिम वोट बैंक को लेकर अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की कोशिश है।
ये भी पढ़ें- 26 नवंबर को कांग्रेस का देशव्यापी मार्च, मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ में संभालेंगे कमान