दीपोत्सव पर CM योगी ने कहा- ‘जहां सरयू तट पर श्रद्धालुओं पर लाठियां चलती थीं, वहां आज लाखों दीये जगमगा रहे हैं’
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर अपने संबोधन में पिछली परिस्थितियों और वर्तमान अयोध्या के आयोजन की तुलना करते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब सरयू तट पर श्रद्धालुओं पर लाठियां चलाई जाती थीं, लेकिन आज उसी स्थान पर लाखों दीये रोशन हो रहे हैं।
भगवान श्रीराम की नगरी में आस्था, परंपरा और संस्कृति का उत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को फिर से भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। दीपोत्सव के जरिए भगवान श्रीराम की नगरी में आस्था, परंपरा और संस्कृति का उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में दीपों का यह प्रकाश देश और दुनिया को भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का संदेश दे रहा है।
अयोध्या की धार्मिक पहचान के लिए संतों ने किया लंबा संघर्ष
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राम जन्मभूमि आंदोलन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रामभक्तों और संतों ने अयोध्या की धार्मिक पहचान के लिए लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने बिना नाम लिए उन राजनीतिक नेताओं पर निशाना साधा, जिन पर रामभक्तों पर गोली चलवाने और संतों पर लाठीचार्ज करवाने के आरोप रहे हैं। योगी ने कहा कि ऐसे लोगों को अयोध्या आने से पहले रामभक्तों और संतों से माफी मांगनी चाहिए।
ये भी पढ़ें-कानपुर में मकान गिरने से बड़ा हादसा, 15 दिन की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत