टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

‘हमें जाने दो...’ लड़की की गुहार भी नहीं मानी, जमुई के बाद ओडिशा में कपल से बदसलूकी का VIDEO वायरल

Shivashakti Narayan Singh · 23 सितम्बर 2026
जमुई के बाद ओडिशा में कपल से बदसलूकी का VIDEO वायरल

Odisha Dhenkanal Viral Video: बिहार के जमुई में युवक-युवती से मारपीट और छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद अब ओडिशा के ढेंकनाल जिले से भी ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक युवक और युवती के साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

यह घटना ढेंकनाल के प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल कपिलाश जाने वाले रास्ते पर हुई बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक युवक और युवती मोटरसाइकिल से वहां गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और घेर लिया।

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा?

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई लोग युवक और युवती को चारों तरफ से घेरे हुए नजर आ रहे हैं। युवक के साथ मारपीट की जाती दिखाई देती है। वहीं, वीडियो में युवती के साथ भी कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ होती नजर आ रही है।वीडियो में युवती लोगों से उन्हें जाने देने की अपील करती सुनाई देती है। हालांकि, उसकी गुहार के बावजूद कथित तौर पर उसके साथ बदसलूकी जारी रहती है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक-युवती को रोकने की वजह क्या थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। स्थानीय पुलिस ने घटना में शामिल बताए जा रहे दो लोगों को हिरासत में लिया है और बाकी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।

जमुई की घटना के बाद फिर सामने आया ऐसा मामला

ओडिशा की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब बिहार के जमुई में दो नाबालिग छात्रों के साथ कथित मारपीट और छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।जमुई में 19 सितंबर को एक नाबालिग लड़का और लड़की कोचिंग से लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक रास्ते में एक समूह ने उन्हें रोका और उनके साथ मारपीट तथा अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करीब सात लोगों की पहचान किए जाने की बात कही है। जांच के लिए SIT भी बनाई गई है।जमुई मामले में नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने को लेकर भी पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।