पहले पर ऑस्ट्रेलिया, दूसरे पर भारत, ये 6 टीमें बन चुकी हैं वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन
ODI World Cup Winners List: वनडे वर्ल्ड कप 2027 की शुरुआत 2 अक्टूबर से होगी और 21 नवंबर तक खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता में दुनिया की शीर्ष 14 टीमें हिस्सा लेंगी और इसकी मेजबानी इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने तीन देशों को सौंपी है।
इसमें साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया है, जो विश्व कप को होस्ट कर रहे हैं। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 7 जून 1975 को पहली बार हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य क्रिकेट के खेल को लोकप्रिय बनाना और दर्शकों को मैदान तक खींच कर लाना था। चलिए आपको बताते हैं कि अब तक किस-किस टीम ने इस प्रतियोगिता को कितनी बार जीता है।
पहले पर ऑस्ट्रेलिया
वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज है। इस टीम ने 1987 में पहली बार ट्रॉफी उठाई थी और इसके बाद 1999, 2003 और 2007 में लगातार वर्ल्ड कप जीतने की हैट्रिक लगाई थी। फिर ऑस्ट्रेलिया ने 2015 और 2023 में भी एकदिवसीय विश्व कप की ट्रॉफियां उठाई हैं। आपको बता दें कि, कंगारुओं ने सर्वाधिक 6 बार विश्व कप जीता है और वह इस लिस्ट में शीर्ष पर है।
भारत ने जीती 2 ट्रॉफी
सबसे ज्यादा वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीमों में भारत दूसरे स्थान पर है। उन्होंने पहली बार साल 1983 में वेस्टइंडीज को हराकर खिताब जीता था तो साल 2011 में श्रीलंका को हराकर दूसरी बार विश्व चैंपियन बना। हालांकि, 2011 के बाद भारतीय टीम 2023 के फाइनल में पहुंची थी लेकिन खिताब से चूक गई।
वेस्टइंडीज तीसरे पर मौजूद
वेस्टइंडीज का नाम लिस्ट में तीसरे नंबर पर देखकर आपको हैरानी हो रही होगी, क्योंकि वर्तमान समय में इस टीम की गिनती कमजोर प्रतिद्वंद्वियों में की जाती है लेकिन एक समय था, जब कैरिबियाई खिलाड़ियों के सामने खेलने से विपक्षी टीमें कांपा करती थीं।
वेस्टइंडीज ने साल 1975 और 1979 में लगातार दो विश्व कप जीते थे तो साल 1983 में भी फाइनल में पहुंची थी। वेस्टइंडीज ने यह उपलब्धि क्लाइव लॉयड की कप्तानी में हासिल की थी।
ये भी पढ़ें- फैंस का इंतजार खत्म! वेस्टइंडीज के बाद अब इस सीरीज में दिखेगी रोहित-विराट की सुपरहिट जोड़ी
पाकिस्तान चौथे पर मौजूद
लिस्ट में पाकिस्तान की टीम चौथे पायदान पर मौजूद है। इस टीम ने साल 1992 में इमरान खान की कप्तानी में वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। मैन इन ग्रीन फाइनल में इंग्लैंड को 22 रन से हराकर विश्व चैंपियन बनी थी। वहीं, यह उपलब्धि हासिल करने वाली पाकिस्तान एशिया की दूसरी टीम थी।
1996 में चैंपियन बनी थी श्रीलंका
पाकिस्तान के बाद श्रीलंका ने साल 1996 में वनडे वर्ल्ड कप का खिताब उठाया था। उस समय श्रीलंका के कप्तान अर्जुन राणातुंगा थे और उनकी कप्तानी में श्रीलंकाई टीम ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हराकर ट्रॉफी उठाई थी। इस जीत के बाद श्रीलंका एशिया की तीसरी टीम बनी, जिन्होंने वर्ल्ड कप पर कब्जा किया था।
2019 में इंग्लैंड जीती
क्रिकेट का जनक इंग्लैंड को माना जाता है, क्योंकि इस खेल की शुरुआत इसी देश से हुई थी। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि 1975 से शुरू हुए वर्ल्ड को इंग्लिश टीम ने साल 2019 में जीता था। उन्होंने फाइनल में न्यूजीलैंड को सुपर ओवर में बाउंड्री काउंट नियम के आधार पर हराया था।
हालांकि, इंग्लैंड की यह जीत काफी विवादित थी और इसपर कई सवाल उठे थे, लेकिन अंत में नियम अनुसार थ्री लायंस को चैंपियन घोषित किया गया। लेकिन इसके बाद बाउंड्री काउंट नियम को बदल दिया गया था।
ये भी पढ़ें- भुवनेश्वर कुमार के बाद मोहम्मद शमी की वापसी? जादुई आंकड़ों ने मचाई सनसनी