टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

PM मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी से बढ़ीं नोएडा की युवती की मुश्किलें, जीरो FIR दर्ज, जांच दिल्ली पुलिस को सौंपी

Rajeev Singh · 31 जुलाई 2026
PM Modi Remark Case

PM Modi Remark Case: दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में नोएडा की एक युवती की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस मामले में नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ ज़ीरो एफआईआर (Zero FIR) दर्ज कर ली है। चूंकि घटना स्थल दिल्ली का है, इसलिए नोएडा पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पूरा मामला आगे की तफ्तीश के लिए दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है।

अधिवक्ता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
यह पूरी कार्यवाही गाजियाबाद के वसुंधरा क्षेत्र में रहने वाली अधिवक्ता स्मृति सिंह की शिकायत पर हुई है। शिकायत के अनुसार, नोएडा के सेक्टर-168 स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में रहने वाली रुचिका सिंह ने जंतर-मंतर पर आयोजित एक सार्वजनिक प्रदर्शन के दौरान मंच से प्रधानमंत्री के लिए बेहद अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया था। अधिवक्ता का तर्क है कि इस तरह की भाषा से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची है और इससे समाज में वैमनस्य फैलने के साथ-साथ शांति व्यवस्था भंग होने का खतरा बना।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
प्रदर्शन के दौरान की गई अभद्र टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद शिकायतकर्ता ने आरोपी के संबंध में जानकारियां जुटाईं और नोएडा पुलिस स्टेशन पहुंचकर लिखित शिकायत दी।

फ्लैट पर लटका मिला ताला
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती मूल रूप से फरीदाबाद की रहने वाली है और पेपेशे से एक ब्यूटी पार्लर संचालिका है। उसने हाल ही में नोएडा की सेक्टर-168 स्थित सोसाइटी में एक फ्लैट खरीदा है। जब एक्सप्रेसवे थाना पुलिस मामले की प्राथमिक जांच के लिए उसके फ्लैट पर पहुंची, तो वहां ताला बंद मिला।

एडीसीपी नोएडा का बयान
वहीं इस घटना को लेकर एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के मुताबिक, BNS की संबंधित धाराओं के तहत शिकायत मिलने के बाद ज़ीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। चूंकि कथित अपराध स्थल दिल्ली का जंतर-मंतर है, इसलिए मामले से जुड़े सभी दस्तावेज और एफआईआर को आगे की विवेचना और कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस को भेज दिया गया है। अब इस पूरे मामले की तफ्तीश दिल्ली पुलिस द्वारा की जाएगी। 

और पढे़ं: PM Modi की हाई लेवल मीटिंग! होर्मुज संकट के बीच पेट्रोलियम-खाद पर बड़ा फैसला 

Written by Shailesh Yadav