टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

Noida Chilla Elevated Road: फिल्म सिटी से अक्षरधाम तक खत्म होगा जाम? दिसंबर तक तैयार होगा एलिवेटेड रोड ; पूरा रूट जानिए

Shivashakti Narayan Singh · 26 अगस्त 2026
Chilla Elevated Road: नोएडा के चिल्ला एलिवेटेड रोड का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। दिल्ली के चिल्ला रेगुलेटर से महामाया…

Noida Elevated Road: नोएडा और दिल्ली के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। चिल्ला एलिवेटेड रोड का काम अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। दिल्ली के चिल्ला रेगुलेटर से नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के पास तक बन रहे इस एलिवेटेड रोड के तैयार होने के बाद सेक्टर-16ए फिल्म सिटी और दलित प्रेरणा स्थल के सामने लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

चिल्ला एलिवेटेड रोड पर दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहनों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए चार रैंप और एक लूप तैयार किया जाएगा। इससे ट्रैफिक को अलग-अलग दिशाओं में जाने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।फिलहाल फिल्म सिटी और दलित प्रेरणा स्थल के आसपास सड़क पर वाहनों का दबाव काफी ज्यादा रहता है। एलिवेटेड रोड शुरू होने के बाद मुख्य सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।

50 फीसदी से ज्यादा काम पूरा

प्राधिकरण के मुताबिक चिल्ला एलिवेटेड रोड का काम 50 फीसदी से ज्यादा पूरा हो चुका है। कुल 1400 पाइपिंग में से करीब 1200 का काम पूरा बताया जा रहा है। किसी भी पिलर की नींव तैयार करने में पाइपिंग की अहम भूमिका होती है।काम में तेजी लाने के लिए प्राधिकरण को पीएम गति शक्ति योजना के तहत जल्द ही करीब 100 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों का लक्ष्य है कि एलिवेटेड रोड का निर्माण दिसंबर तक पूरा कर लिया जाए।

महामाया फ्लाईओवर से आगे भी बढ़ेगी कनेक्टिविटी

यह परियोजना सिर्फ महामाया फ्लाईओवर तक सीमित नहीं रहने वाली है। आने वाले समय में इसे चिल्ला रेगुलेटर से दिल्ली के मयूर विहार फ्लाईओवर तक जोड़ने की योजना है।इसके अलावा महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-94 यमुना पुस्ता तक भी एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है। आगे इसे यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्रस्ताव है। पूरी कनेक्टिविटी विकसित होने के बाद दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन बिना शहर के अंदरूनी जाम में फंसे यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जा सकेंगे।

6 लेन का होगा चिल्ला एलिवेटेड रोड

चिल्ला एलिवेटेड रोड करीब 5.96 किलोमीटर लंबा होगा। इसे छह लेन का बनाया जा रहा है और इसके निर्माण में लगभग 892 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह एलिवेटेड रोड कुल 296 पिलर पर तैयार किया जाएगा।इस परियोजना के पूरा होने से नोएडा और दिल्ली के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को समय की बचत होने के साथ-साथ पीक ऑवर में ट्रैफिक से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

करीब 15 साल पुरानी है योजना

चिल्ला एलिवेटेड रोड की योजना कोई नई नहीं है। यह करीब 15 साल पुरानी परियोजना है। अलग-अलग कारणों से लंबे समय तक इसका काम आगे नहीं बढ़ पाया। वर्ष 2017 के बाद परियोजना को गति मिली, लेकिन बजट और अन्य विवादों के चलते निर्माण में फिर देरी हुई।नवंबर 2021 में काम रुकने के बाद पिछले साल मार्च में परियोजना पर दोबारा काम शुरू हुआ। अब प्राधिकरण की ओर से निर्माण को जल्द पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

अक्षरधाम से यमुना एक्सप्रेसवे तक आसान होगा सफर

पूरी योजना का मकसद दिल्ली, नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है। अगर प्रस्तावित कनेक्टिविटी का पूरा नेटवर्क तैयार होता है तो अक्षरधाम की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए नोएडा होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंचना ज्यादा आसान हो सकता है।खासकर फिल्म सिटी और दलित प्रेरणा स्थल के आसपास रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम पर इसका सीधा असर पड़ने की उम्मीद है।