भारत दौरे पर नेपाल के PM बालेंद्र शाह, विदेश मंत्री बोले- ‘यात्रा सार्थक और परिणामोन्मुखी होगी’
काठमांडू: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। हालांकि, अभी तक उनकी आधिकारिक यात्रा की तारीख तय नहीं हुई है। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खानाल ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री शाह उचित समय पर भारत का दौरा करेंगे और यह यात्रा ‘सार्थक’ और ‘परिणामोन्मुखी’ होगी।
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में हिस्सा लेने के बाद काठमांडू लौटे विदेश मंत्री शिशिर खानाल ने त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नेपाल और भारत दोनों प्रधानमंत्री शाह की सार्थक और परिणामोन्मुखी यात्रा की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “नेपाल और भारत दोनों पक्ष प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की परिणामोन्मुखी और सार्थक भारत यात्रा की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”
अभी तय नहीं हुई यात्रा की तारीख
विदेश मंत्री खानाल के मुताबिक, प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा को लेकर दोनों पक्ष सकारात्मक हैं, लेकिन आधिकारिक दौरे की तारीख अभी तय नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि नई सरकार के गठन के तुरंत बाद भारत की ओर से प्रधानमंत्री शाह को यात्रा का निमंत्रण मिला था।
खानाल ने कहा कि सरकार बनने के समय ही यह तय किया गया था कि प्रधानमंत्री दोनों पड़ोसी देशों की यात्रा प्राथमिकताओं के आधार पर करेंगे। उन्होंने कहा कि नेपाल दोनों देशों के सामने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट रूप से रखेगा।
UN महासभा में जलवायु परिवर्तन का मुद्दा उठाया
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह हाल ही में न्यूयॉर्क गए थे। नई सरकार के गठन के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी। विदेश मंत्री खानाल ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में शाह के संबोधन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी ध्यान आकर्षित किया।
24 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए शाह ने जलवायु परिवर्तन और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों पर प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने पिछले महीने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ का मुद्दा भी अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने रखा। शाह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन में नेपाल का योगदान बेहद कम है, इसके बावजूद देश को इसके गंभीर प्रभावों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नेपाल के लिए जलवायु न्याय की मांग की और बाढ़ की त्रासदी को जलवायु परिवर्तन तथा ग्लोबल वार्मिंग से जोड़ा।
यह भी पढ़ें: दुबई से इजरायल जा रहे विमान की सऊदी में इमरजेंसी लैंडिंग, हाईजैकिंग का शक