पहली भारत यात्रा पर दिल्ली आ रहे नेपाल के PM बालेन शाह, 23 नवंबर को मोदी से होगी मुलाकात
Nepal PM Balen Shah India Visit 2026: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत के लिए रवाना हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा को भारत और नेपाल के रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह की यह पहली भारत यात्रा है। उन्होंने मार्च 2026 में नेपाल के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी।
बालेन शाह नेपाल एयरलाइंस की उड़ान से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खानाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजनकर और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी भारत आए हैं। यह 22 और 23 नवंबर तक चलने वाला उनका पहला द्विपक्षीय विदेशी दौरा भी है।
23 नवंबर को पीएम मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय बातचीत
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत यात्रा के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस बैठक में दोनों देशों के संबंधों की पूरी स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए जाएंगे। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को बताया था कि दोनों देशों के प्रधानमंत्री सोमवार को प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। बैठक के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी अपने नेपाली समकक्ष और उनके 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज का आयोजन करेंगे।
ऊर्जा और कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं पर भी होगा काम
इस यात्रा के दौरान भारत और नेपाल कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं। इसके अलावा भविष्य की योजनाओं के लिए नई परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने की भी तैयारी है। इनका संबंध मुख्य रूप से कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग से है। दोनों देशों के बीच व्यापार, परिवहन, निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान भी प्रस्तावित है।
नेपाल में भारतीय निवेश बढ़ाने पर जोर
सरकारी बैठकों के अलावा इस यात्रा में नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन होगा। इसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश को बढ़ावा देना और दोनों देशों के कारोबारियों को साझेदारी के नए अवसर उपलब्ध कराना है। भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संपर्क पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, विकास सहयोग, ऊर्जा, जल संसाधन और भौतिक व डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में लगातार सहयोग बढ़ा है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, बालेन शाह की यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय बातचीत की परंपरा को आगे बढ़ाएगी। साथ ही यह भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दी जाने वाली प्राथमिकता को भी दर्शाती है।
यह भी पढ़ें: कनाडा से तेल-गैस खरीदेगा भारत? मोदी के दौरे से पहले व्यापार समझौते पर तेज हुई चर्चा