दिल्ली-NCR में आतंक का पर्याय नसीम उर्फ रिजवान बुलंदशहर में एनकाउंटर में ढेर, 25 से ज्यादा मामलों में था आरोपी
बुलंदशहर: दिल्ली-एनसीआर में हत्या, लूट, वसूली और गैंगवार जैसी वारदातों में शामिल कुख्यात अपराधी नसीम उर्फ रिजवान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद का रहने वाला नसीम लंबे समय से दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, हथियारों के बल पर लूटपाट और पुलिस टीम पर हमले समेत 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे।
नसीम हाल के दिनों में दिल्ली में हुई कई आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस के रडार पर आया था। कानून मंत्री के कैंप कार्यालय के बाहर गैंगवार के दौरान विरोधी गिरोह के बदमाश की हत्या के मामले में उसकी भूमिका सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी। स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए जुटी थीं।
यह भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक, कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
दिल्ली-NCR में तेजी से बढ़ा था आपराधिक नेटवर्क
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नसीम का आपराधिक इतिहास साल 2010 से शुरू हुआ था। शुरुआती दिनों में उसने गोकुलपुरी इलाके में हत्या और लूट की वारदातों को अंजाम दिया। साल 2014 में पुलिस हिरासत से अपने साथी को छुड़ाने के लिए उसने साथियों के साथ पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला भी किया था।
धीरे-धीरे उसका नेटवर्क दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में फैल गया। उसके खिलाफ खजूरी खास, गोकुलपुरी, दयालपुर, जाफराबाद, हर्ष विहार, करावल नगर, भजनपुरा और सराय रोहिल्ला समेत कई थानों में मामले दर्ज थे। गाजियाबाद के लोनी और सिहानी गेट में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज थे।
तीन बड़ी वारदातों में पुलिस को थी तलाश
नसीम हाल के दिनों में तीन प्रमुख मामलों में वांछित था।
यह भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक, कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
सोनिया विहार हत्याकांड:
16 नवंबर को खजूरी खास थाना क्षेत्र के सोनिया विहार स्थित जीरो पुश्ता के पास स्कूटी सवार समीर उर्फ भूरा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में नसीम की भूमिका सामने आई। इस वारदात को दिल्ली में सक्रिय गिरोहों के बीच पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा गया।
राजा मेवाती हत्याकांड:
26 मई को खजूरी खास के एफ-ब्लॉक में फायरिंग के दौरान राजा मेवाती की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में भी नसीम का नाम सामने आया था।
लोनी में जानलेवा हमला:
11 जून 2025 को गाजियाबाद के लोनी में बाइक की खरीद-फरोख्त के 25 हजार रुपये के विवाद में खूनी संघर्ष हुआ था। इस मामले में नसीम की संलिप्तता सामने आई थी। विवाद के दौरान एक महिला पर भी जानलेवा हमला किया गया था।
डी-कंपनी से जुड़ने की भी चर्चा
नसीम के आपराधिक नेटवर्क को लेकर पुलिस जांच में उसके अंडरवर्ल्ड से संबंध होने की बात भी सामने आई थी। दिवंगत पाकिस्तानी-कनाडाई पत्रकार तारिक फतह को धमकी देने के मामले में भी उसे गिरफ्तार किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश से जुड़े मामले भी दर्ज थे।
बुलंदशहर में मुठभेड़ के बाद नसीम उर्फ रिजवान का आपराधिक सफर समाप्त हो गया। दिल्ली-NCR में उसके खिलाफ दर्ज मामलों और गैंगवार से जुड़े नेटवर्क की जांच अब पुलिस के लिए अहम होगी।
यह भी पढ़ें: ओवैसी के बयान पर भड़की कांग्रेस, शमा मोहम्मद बोलीं- 'यह नामर्दी है', कोटा नीलिमा से मांगी माफी