टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

जमीनी विवाद में हत्या के बाद भड़का आक्रोश, डगरूआ थाना का किया घेराव, परिजनों ने डायल-112 पर लगाए आरोप

Shivani Gupta · 22 नवम्बर 2026
जमीनी विवाद में हत्या के बाद भड़का आक्रोश, डगरूआ थाना का किया घेराव, परिजनों ने डायल-112 पर लगाए आरोप

पूर्णिया: खबर बिहार के पूर्णिया जिले से है। जहां डगरूआ क्षे्त्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई जिसके बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। वही घटना से नाराज मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने डगरूआ थाना का घेराव किया और नेशनल हाईवे-27 को जाम कर दिया। हालांकि प्रदर्शनकारी फरार नामजद आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस की कथित लापरवाही पर जवाब मांग रहे थे। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनमें तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। जबकि एक नामजद आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:  युजवेंद्र चहल ने थामा बीजेपी का दामन, राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा में मिली बड़ी जिम्मेदारी

जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

दरअसल, पूरा मामला डगरूआ थाना क्षेत्र के दरियापुर पंचायत अंतर्गत विशरूप्पा गांव के वार्ड संख्या-11 का है। जहां जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे और हथियार से हमला कर दिया, जिसमें राजेंद्र राय, पिता फैमू राय, गंभीर रूप से घायल हो गए।

डगरूआ थाना का किया घेराव और नेशनल हाईवे-27 को भी जाम किया

परिजनों के मुताबिक, घायल राजेंद्र राय को पहले डगरूआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें डगरूआ थाना लाया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, पूर्णिया भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस शव को डगरूआ थाना लेकर आई और पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल भेज दिया।
वही मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने डगरूआ थाना का घेराव किया और नेशनल हाईवे-27 को जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की।

यह भी पढ़ें: छतरपुर के सिजई धाम में 75 गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह, CM मोहन यादव ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

परिजनों ने डायल-112 पर लगाए आरोप

परिजनों का आरोप है कि घटना के समय डायल-112 को सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसी को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए और फरार नामजद आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। जबकि एक नामजद आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

परिजनों को मिलेगा आठ लाख पच्चीस हजार रुपये की सहायता राशि

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डगरूआ थाना पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, बायसी के अनुमंडल पदाधिकारी ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। डगरूआ प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी मौके पर बुलाया गया। साथ ही मृतक के अंतिम संस्कार के लिए सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से आठ लाख पच्चीस हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इधर, डगरूआ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया की जाएगी।

Reported By: हसन अनवर

यह भी पढ़ें: झांसी में SSP के दरबार पहुंचीं महिलाएं, पुलिस पर हफ्ता वसूली और संरक्षण के आरोप; पुलिस ने कबूतरा डेरे पर मारा छापा