26/11 की बरसी पर मुंबई को दहलाने की धमकी! मेयर, BMC ऑफिस व अमिताभ बच्चन का बंगला भी निशाने पर
मुंबई में आज यानी 26 नवंबर 2026 को एक बार फिर मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय, BMC ऑफिस और अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। धमकी के बाद मुंबई पुलिस के साथ-साथ तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है।
बता दें कि मेयर ऑफिस को इस तरह की यह पांचवी धमकी मिली है। इससे पहले भी अक्तूबर व नवंबर में भी ठीक ऐसे ही धमकी भरे ईमेल सामने आए थे। अभी उनकी जांच पूरी भी नहीं हुई थी कि अब एक फिर वैसी ही धमकी मिलना एक बड़ी आतंकी हरकत की तरफ संकेत कर रहा है।
पहले भी मिली थी धमकी
एक तरफ मुंबई में आज 26/11 की बरसी मनाकर शहीदों की शहादत को याद किया जा रहा है। तो वहीं दूसरी तरफ लगातार बम की धमकी भरे ईमेल मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर से आज मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े को धमकी भरा ईमेल मिला है।
ईमेल में BMC मेयर कार्यालय को दोपहरण 1.11 बजे निशना बनाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा अमिताब बच्चन के जुहू स्थित बंगले जलसा का भी जिक्र किया गया है।
इस ईमेल में मुंबई की अन्य जगहों महालक्ष्मी, साइंस और आचार्य मेट्रो स्टेशन पर IED विस्फोट की धमकी दी गई है।
ईमेल में अगले 30 दिनों में शहर में ग्रेनेड हमलों की चेतावनी भी दी गई है। ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे और कुछ संगठनों के नामों का उल्लेख किया गया है।