मोतिहारी में साईं बाबा मंदिर में चोरी से मचा हड़कंप, डॉग स्क्वाड की मदद से सुराग तलाश रही पुलिस
Motihari Temple Theft: मोतिहारी में चोरों ने अब मंदिर को निशाना बनाया है। शहर के मिस्कॉट मोहल्ले में स्थित प्रसिद्ध साईं बाबा मंदिर का ताला काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मंदिर में चोरी की खबर सुनकर स्थानीय लोग और साईं बाबा के श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है।
पुजारी मंदिर में सोते रहे, चोर काटकर ले गए ताला
जानकारी के मुताबिक, वारदात के वक्त मंदिर के पुजारी अंदर ही सो रहे थे। इसके बावजूद उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। चोर मंदिर का ताला काटकर अंदर घुसे और भगवान गणेश का मुकुट लेकर फरार हो गए। मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि साईं बाबा की छतरी, दानपेटी और चरण पादुका समेत अन्य सामान सुरक्षित हैं। फिलहाल पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वाड और FSL टीम ने की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस को मंदिर की सीढ़ियों के पास कटा हुआ ताला और लोहे की खंती मिली है। इन साक्ष्यों की मदद से वारदात से जुड़े सुराग तलाशे जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोर मंदिर में किस रास्ते से घुसे और वारदात को कैसे अंजाम दिया।
डेढ़ महीने से खराब था मंदिर का CCTV कैमरा
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे करीब डेढ़ महीने से खराब बताए जा रहे हैं। एसपी स्वर्ण प्रभात ने भी इसकी जानकारी दी है। ऐसे में पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
चोरी के बाद गश्ती पार्टी निलंबित, पुलिस जांच में जुटी
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले की जांच बारीकी से की जा रही है। घटनास्थल की जांच डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम से कराई गई है। वहीं, घटना के बाद नगर थाना की गश्ती पार्टी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस चोरों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात में शामिल लोगों तक कब तक पहुंच पाती है।
रिपोर्टर: मनीष सिंह
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, हथियार सप्लाई के लिए ‘डेड लेटर बॉक्स’ का किया गया इस्तेमाल!