मोतिहारी में रियल एस्टेट कारोबारी के घर छापेमारी, 27 लाख कैश और हथियार बरामद; बेटा गिरफ्तार
Motihari Police Raid: मोतिहारी में पुलिस ने रियल एस्टेट कारोबारी राकेश शर्मा के आवास पर छापेमारी कर 27 लाख रुपये नकद, दो पिस्टल, दो राइफल, 100 से अधिक कारतूस, विदेशी ब्रांड की छह बोतल शराब और जमीन से जुड़े कई दस्तावेज जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान कारोबारी का बेटा साहिल शर्मा गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी में 65 से अधिक रजिस्ट्री डीड से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
पांच थानों की टीम ने की छापेमारी
पूर्वी चंपारण जिले के छतौनी थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई देर रात की गई। मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने सोशल मीडिया के माध्यम से छापेमारी की जानकारी दी। उनके मुताबिक, जिले के तीन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस टीम ने कारोबारी के आवास पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से दो राइफल, दो पिस्टल, 100 से अधिक जिंदा कारतूस, छह बोतल महंगी ब्रांडेड शराब और 27 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े 65 से अधिक रजिस्ट्री डीड के दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
15 करोड़ रुपये से अधिक की जमीन के दस्तावेज मिलने का दावा
पुलिस के मुताबिक, बरामद रजिस्ट्री डीड और जमीन से जुड़े दस्तावेजों का मूल्य करीब 15 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। शहर में इन दस्तावेजों में जमीन का मूल्यांकन कम दिखाए जाने को लेकर भी चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
कारोबारी घर पर नहीं मिला, बेटा गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान राकेश शर्मा अपने आवास पर मौजूद नहीं था। पुलिस ने मौके से उसके बेटे साहिल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस को राकेश शर्मा के रियल एस्टेट कारोबार के बिहार और नेपाल तक फैले होने की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर छापेमारी की कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।
मोबाइल जांच को लेकर शहर में चर्चा
छापेमारी के बाद मोतिहारी में कारोबारी के मोबाइल फोन की जांच को लेकर भी चर्चा हो रही है। स्थानीय स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि जांच में कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ कारोबारी के कथित संबंधों से जुड़े तथ्य सामने आ सकते हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों की संलिप्तता को लेकर लगाए जा रहे इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में मोबाइल की जांच और आगे की पुलिस कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
Reported By: मनीष सिंह, मोतिहारी
यह भी पढ़ें: बिहार में 5 नए एयरपोर्ट और 9 हेलीपोर्ट बनेंगे, यात्रियों को मिलेगी मुफ्त पिकअप-ड्रॉप सुविधा; पटना में बनेगा पहला टेक पार्क