मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला: परिसीमन बिल में बदलावों को मंजूरी, DMK की शर्तों पर सरकार ने दिखाई सहमति; 2051 तक लागू रहेगा नया फॉर्मूला
Delimitation Bill Approved In Parliament: महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन के जरिए महिलाओं को आरक्षण देने वाले संविधान संशोधन विधेयक में बदलावों को मंजूरी दे दी गई है। नए प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान अनुपात से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। साथ ही राज्यों के बीच मौजूदा संसदीय प्रतिनिधित्व का अनुपात वर्ष 2051 तक बनाए रखने का प्रावधान किया गया है।
इस फैसले को दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं के बीच केंद्र सरकार के अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल, परिसीमन को लेकर तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी डीएमके लगातार सवाल उठाती रही है। पार्टी को आशंका थी कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्निर्धारण होने से दक्षिण भारत के राज्यों का संसद में राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है। ऐसे में सभी राज्यों में समान अनुपात से सीटें बढ़ाने का फॉर्मूला इस विवाद को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
DMK की मांगों पर सरकार का बड़ा कदम
परिसीमन को लेकर डीएमके की दो प्रमुख मांगें रही हैं। पहली, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जाए। दूसरी, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान अनुपात से 50 प्रतिशत बढ़ाई जाए।
केंद्र सरकार की ओर से मंजूर किए गए नए प्रस्ताव में इन दोनों मांगों से जुड़े प्रावधान शामिल किए गए हैं। हालांकि, डीएमके ने स्पष्ट किया है कि विधेयक का पूरा मसौदा देखने के बाद ही वह अपना अंतिम रुख तय करेगी। पार्टी की मांग है कि राज्यों के प्रतिनिधित्व की सुरक्षा केवल मौखिक आश्वासन तक सीमित न रहे, बल्कि कानून में स्पष्ट रूप से दर्ज हो।
लोकसभा में बढ़ेंगी सीटें, महिला आरक्षण का रास्ता होगा साफ
नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत की समानुपातिक बढ़ोतरी की जाएगी। मौजूदा समय में लोकसभा में 543 निर्वाचित सीटें हैं। प्रस्तावित बदलावों के बाद सदन की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक पहुंचाने की तैयारी है।
इस पूरी कवायद का एक बड़ा उद्देश्य महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के कानून को लागू करने का रास्ता तैयार करना है। सरकार की योजना 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने की दिशा में आगे बढ़ने की है।
त्रिपुरा निकाय चुनाव: 16 शहरों की 268 सीटों पर वोटिंग, 2 दिसंबर को होगी गिनती
30 नवंबर से संसद के विशेष सत्र पर नजरें
कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सभी की निगाहें संसद के विशेष सत्र पर टिकी हैं। लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से शुरू होनी है। इस दौरान सरकार संशोधित संविधान संशोधन विधेयक को संसद में पेश कर सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। ऐसे में सरकार ने नए बदलावों के साथ दोबारा राजनीतिक सहमति बनाने की कोशिश की है।
अब देखना होगा कि नए प्रस्ताव पर विपक्ष और क्षेत्रीय दलों का क्या रुख रहता है और संसद में इसे कितना समर्थन मिल पाता है।
और पढ़ें: परिसीमन पर आर-पार की जंग: बीजेपी को कितना फायदा, क्यों मचा सियासी घमासान?