टीएनपी न्यूज़
होम / ज़रा हट के
ज़रा हट के

मेरठ में दहेज में मांगी थार तो लड़की के पिता ने थमाई खिलौना गाड़ी, तोड़ दिया रिश्ता; VIDEO वायरल

Shivani Gupta · 29 नवम्बर 2026
मेरठ में दहेज में मांगी थार तो लड़की के पिता ने थमाई खिलौना गाड़ी, तोड़ दिया रिश्ता; VIDEO वायरल

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में दहेज की मांग को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दूल्हे पक्ष ने लड़की वालों से दहेज में थार गाड़ी की मांग कर दी। इस मांग से नाराज लड़की के पिता ने ऐसा जवाब दिया, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया पर हो रही है। उन्होंने दूल्हे के पिता को असली थार की जगह खिलौने वाली गाड़ी थमा दी और साफ शब्दों में शादी से इनकार कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पांच महीने पहले तय हुआ था रिश्ता

पूरा मामला मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ज्ञानपुर निवासी शमशेर के बेटे का रिश्ता करीब पांच महीने पहले परतापुर थाना क्षेत्र के सौलाना गांव निवासी बब्बर की बेटी से तय हुआ था। दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी और रिश्ता पक्का हो चुका था।

बताया जा रहा है कि लड़की के पिता बब्बर ने करीब एक महीने पहले अपनी जमीन बेची थी। इसकी जानकारी जब लड़के पक्ष को हुई तो उन्होंने कथित तौर पर लड़की के परिवार से दहेज में थार गाड़ी की मांग कर दी। लड़की के पिता ने इस मांग को पूरा करने में असमर्थता जताते हुए उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि लड़के वाले अपनी मांग पर अड़े रहे।

उत्तर प्रदेश – मेरठ में शादी से ठीक पहले दूल्हे ने थार मांगी तो लड़की पक्ष ने प्लास्टिक खिलौना वाली थार पकड़ाकर ये रिश्ता तोड़ दिया !! https://t.co/46M8NgVN4t

— Sachin Gupta (@Sachingupta) November 29, 2026

सुबह से रात तक थार का इंतजार करते रहे दूल्हे पक्ष के लोग

इसके बाद शनिवार, 28 नवंबर को लड़की के पिता ने लड़के पक्ष के लोगों को अपने घर एक रस्म के लिए बुलाया। बताया जा रहा है कि दूल्हे पक्ष के करीब छह लोग लड़की वालों के घर पहुंचे थे। वहां उनके खाने-पीने और ठहरने का इंतजाम किया गया।

यह भी पढ़ें:  सहारनपुर देहात में हर चुनाव के साथ बदली सियासी तस्वीर, 2027 में किसके सिर सजेगा जीत का ताज?

इस दौरान दूल्हे पक्ष के लोग थार गाड़ी मिलने की उम्मीद लगाए बैठे रहे। लड़की वालों ने उन्हें सुबह से लेकर शाम तक इंतजार कराया। लेकिन जब गाड़ी देने की बारी आई तो लड़की के पिता ने असली थार की जगह उनके हाथ में प्लास्टिक की खिलौना गाड़ी थमा दी।

'तुम्हें इंसान नहीं, गाड़ी चाहिए थी'

सोशल मीडिया पर वायरल करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में लड़की के पिता दूल्हे के पिता को खिलौना गाड़ी देते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं, 'तुम्हें इंसान की जरूरत नहीं थी, तुम्हें गाड़ी चाहिए थी। ये लो गाड़ी, इसे हाथ में पकड़ो और चलाना। तुम अपने घर रहो और हम अपने घर। हमें अब यह शादी नहीं करनी।'

इसके बाद लड़की पक्ष ने रिश्ता तोड़ने का फैसला कर लिया। बताया जा रहा है कि दुल्हन ने भी इस शादी से इनकार कर दिया है।

सोशल मीडिया पर हो रही लड़की के पिता के कदम की चर्चा

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग लड़की के पिता के फैसले की चर्चा कर रहे हैं। कई लोग इसे दहेज प्रथा के खिलाफ एक कड़ा संदेश बता रहे हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि जब शादी दो परिवारों और दो लोगों के जीवन का रिश्ता है, तो उसमें दहेज की मांग क्यों की जाती है?

यह भी पढ़ें:  देवबंद में BJP की लगातार दो जीत, क्या 2027 में भी कायम रहेगा दबदबा? जातीय समीकरण और स्थानीय मुद्दे तय करेंगे सियासी राह