बिहार: मशरक में वाहन दिलाने के नाम पर 300 लोगों से ठगी का आरोप, लाखों रुपये लेकर कंपनी फरार!
छपरा: बिहार के सारण जिले के मशरक से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां राधा स्वामी ऑर्गेनाइजेशन पर दोपहिया और चारपहिया वाहन दिलाने के नाम पर करीब 300 लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। संगठन पर लोगों को 40 प्रतिशत अनुदान और बाकी रकम बैंक से लोन के जरिए दिलाने का भरोसा देकर पैसे लेने का आरोप है। अब पीड़ितों का कहना है कि संगठन ने न तो उनकी रकम लौटाई और न ही बैंक की EMI जमा की। वहीं, पटना स्थित संगठन का कॉरपोरेट कार्यालय भी बंद बताया जा रहा है।
40 प्रतिशत अनुदान और बैंक लोन का दिया था झांसा
जानकारी के मुताबिक, राधा स्वामी ऑर्गेनाइजेशन लोगों को दोपहिया और चारपहिया वाहन खरीदने के लिए एक योजना का लालच दे रहा था। इसके तहत लाभार्थियों को वाहन की कीमत का 40 प्रतिशत अनुदान देने और शेष रकम बैंक से लोन के माध्यम से उपलब्ध कराने का भरोसा दिया जाता था।
इतना ही नहीं, संगठन की ओर से यह भी कहा गया था कि बैंक से लिए गए लोन की EMI संगठन खुद जमा करेगा। इस भरोसे में आकर कई लोगों ने योजना में हिस्सा लिया और संगठन से जुड़ गए।
यह भी पढ़ें:ग्रेटर नोएडा: थाने के बाथरूम में मिला महिला दरोगा का शव, ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत; हार्ट अटैक की आशंका
शुरुआत में जमा की EMI, फिर बंद कर दिया भुगतान
आरोप है कि शुरुआत में कुछ लाभार्थियों की बैंक किस्तें संगठन की ओर से जमा की गईं। इससे लोगों का भरोसा बढ़ा और योजना से जुड़ने वालों की संख्या भी बढ़ती गई। लेकिन बाद में संगठन ने EMI जमा करना बंद कर दिया।
पीड़ितों का आरोप है कि उनसे ली गई 40 प्रतिशत राशि भी वापस नहीं की गई। इसके बाद लोगों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने संगठन के जिम्मेदार लोगों से संपर्क करने की कोशिश की।
300 लोगों को योजना से जोड़ने का दावा
इस मामले में डुमरसन बंगरा निवासी महेश कुमार सुमन ने मंगलवार को मशरक थाने में आवेदन दिया है। उन्होंने संगठन के संचालकों और जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
महेश कुमार सुमन का दावा है कि उन्होंने संगठन पर भरोसा करके करीब 300 लोगों को इस योजना से जोड़ा था। अब पटना स्थित संगठन का कॉरपोरेट कार्यालय बंद बताया जा रहा है और जिम्मेदार लोगों से संपर्क भी नहीं हो पा रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले को लेकर मशरक थाने में आवेदन दिया गया है। पुलिस फिलहाल आवेदन के आधार पर पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान संगठन के संचालकों, योजना में शामिल लोगों और पैसों के लेनदेन से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सकती है। फिलहाल पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर पीड़ितों की नजर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: सुबह की 10 बड़ी खबरें: 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट, लतीफ भट ढेर, दिल्ली में प्रदूषण केंद्रों का कायाकल्प; जानें बड़े अपडेट