टीएनपी न्यूज़
होम / ऑटो
ऑटो

Maruti Suzuki की कारें खरीदना होगा महंगा, कंपनी ने चुनिंदा मॉडल के बढ़ाए दाम; आज से लागू हुई नई कीमतें

Shailesh Yadav · 22 नवम्बर 2026
Maruti Suzuki की कारें खरीदना होगा महंगा

Maruti Suzuki: अगर आप मारुति सुजुकी की कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपकी जेब पर थोड़ा अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनियों में शामिल Maruti Suzuki India ने रविवार से अपने चुनिंदा कार मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने औसतन 0.31 फीसदी की वृद्धि की है। इस फैसले के पीछे लगातार बढ़ती लागत और कमोडिटी की महंगाई को वजह बताया गया है।

कंपनी ने क्यों बढ़ाए कारों के दाम?
मारुति सुजुकी ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को दी गई जानकारी में बताया कि चुनिंदा मॉडलों की कीमतों में औसतन 0.31 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन कारों के दाम बढ़ाए गए हैं और अलग-अलग मॉडल पर कितनी वृद्धि हुई है।

कंपनी का कहना है कि वह लागत कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन मौजूदा लागत दबाव के कारण बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया है।

पहले भी तीन बार बढ़ा चुकी है कीमतें
मारुति सुजुकी की ओर से कीमतों में यह बढ़ोतरी अचानक नहीं की गई है। इससे पहले भी कंपनी तीन बार कारों के दाम बढ़ा चुकी है। कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) अर्नब रॉय ने 27 अक्टूबर को हुई अर्निंग्स कॉल में बताया था कि पिछली तीन बढ़ोतरी का कुल असर एक फीसदी से थोड़ा अधिक रहा है।

कंपनी ने यह भी बताया था कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े कमोडिटी की बढ़ती कीमतों का असर जुलाई-सितंबर तिमाही के ऑपरेटिंग प्रॉफिट पर पड़ा है।

Hyundai और Tata भी बढ़ा चुकी हैं कारों के दाम
कारों की कीमतें बढ़ाने के मामले में सिर्फ मारुति सुजुकी ही नहीं, दूसरी वाहन निर्माता कंपनियां भी आगे रही हैं।

Hyundai Motor India: कंपनी ने सितंबर में कारों की कीमतों में औसतन 0.4 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। अक्टूबर में दी गई जानकारी के मुताबिक, जनवरी से अब तक कुल कीमतों में करीब 1.4 फीसदी की वृद्धि हो चुकी है। 


Tata Motors Passenger Vehicles: कंपनी ने अप्रैल, जुलाई और सितंबर में तीन चरणों में पेट्रोल-डीजल और इलेक्ट्रिक कारों की कीमतों में औसतन करीब 1.7 फीसदी की बढ़ोतरी की थी.

टाटा मोटर्स के एमडी और सीईओ शैलेश चंद्रा ने 13 नवंबर को अर्निंग्स कॉल में संकेत दिया था कि कंपनी जनवरी-मार्च तिमाही में एक और कीमत वृद्धि की उम्मीद कर रही है। मौजूदा तिमाही में भी कमोडिटी लागत के असर का आकलन करने के बाद इस पर विचार किया जा सकता है।

आम ग्राहकों की जेब पर क्या पड़ेगा असर?
वाहन कंपनियों की ओर से लगातार कीमतें बढ़ाए जाने का सीधा असर नई कार खरीदने वाले ग्राहकों पर पड़ सकता है। हालांकि, मारुति सुजुकी की औसत 0.31 फीसदी की बढ़ोतरी सभी मॉडलों पर समान रूप से लागू नहीं होगी। कंपनी ने अभी मॉडल के हिसाब से नई कीमतों का खुलासा नहीं किया है।

ऐसे में अगर आप आने वाले दिनों में मारुति की नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो बुकिंग से पहले अपने पसंदीदा मॉडल की नई एक्स-शोरूम कीमत जरूर जांच लें। 

और पढ़ें:  पहली भारत यात्रा पर दिल्ली आ रहे नेपाल के PM बालेन शाह, 23 नवंबर को मोदी से होगी मुलाकात