ऑस्कर 2027 की ओर भारतीय सिनेमा के कदम! मराठी और नागा फिल्मों ने मारी बाजी
Marathi film Gondhal Eligible For Oscars 2027: मराठी फिल्म 'गोंधल' और नागालैंड की पृष्ठभूमि पर बनी ड्रामा फिल्म 'अंघ' ने 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर 2027 की रेस में जगह बना ली है। दोनों फिल्मों को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में विचार के लिए एलिजिबल माना गया है। हालांकि, एलिजिबिलिटी मिलने का मतलब नॉमिनेशन पक्का होना नहीं है। दोनों फिल्मों को अभी आगे के चरणों से गुजरना होगा।
104 फिल्मों की सूची में शामिल हुईं दोनों फिल्में
अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज की ओर से जारी सूची में कुल 104 फिल्मों को इस कैटेगरी के लिए योग्य माना गया है। इनमें संतोष दवाखर के निर्देशन में बनी मराठी फिल्म 'गोंधल' भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री है। वहीं, फिल्ममेकर थेजा रियो की 'अंघ' ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्लेटफॉर्म अवॉर्ड जीतकर इस कैटेगरी में अपनी जगह बनाई है। फिल्म फेस्टिवल में पुरस्कार जीतने वाली अन्य फिल्मों में 'मिडडे मील', 'शेम एंड मनी' और 'येलो लेटर्स' भी शामिल हैं।
नॉमिनेशन के लिए अभी दो चरण बाकी
एलिजिबिलिटी लिस्ट में जगह बनाने के बाद दोनों फिल्में शुरुआती वोटिंग राउंड में शामिल हो सकती हैं। इसके बाद अकादमी इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट जारी करेगी। शॉर्टलिस्ट से चुनी गई फिल्मों को अंतिम नॉमिनेशन में जगह मिलेगी। एकेडमी के नियमों के मुताबिक, इस कैटेगरी में शामिल होने वाली फिल्म फीचर लेंथ की होनी चाहिए और उसके ज्यादातर संवाद अंग्रेजी के अलावा किसी दूसरी भाषा में होने चाहिए।
क्या है दोनों फिल्मों की कहानी?
'गोंधल' ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में पारंपरिक आधी रात के गोंधल अनुष्ठान के दौरान घटने वाली घटनाओं को दिखाया गया है। इसमें संगीत, नृत्य, पौराणिक कथाओं और धार्मिक परंपराओं को कहानी का हिस्सा बनाया गया है।
दूसरी ओर, 'अंघ' की कहानी 1960 के दशक के नागालैंड में स्थापित है। यह एक बुजुर्ग कोन्याक गांव के मुखिया और उसके बेटे की कहानी है, जो बदलते समय के बीच अपने पूर्वजों की मान्यताओं और पारंपरिक जीवनशैली को बचाने की कोशिश करते हैं। 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आयोजन 2027 में हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में होगा। अब देखना होगा कि ये दोनों भारतीय फिल्में शॉर्टलिस्ट और अंतिम नॉमिनेशन तक पहुंच पाती हैं या नहीं।
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी की एक पोस्ट ने मचाई हलचल! रितेश-जेनेलिया की तस्वीर शेयर कर दिया खास संदेश