साई पल्लवी से पहले इन अभिनेत्रियों ने निभाया माता सीता का किरदार, जानिए कौन-कौन हैं शामिल!
Ramayana: नितेश तिवारी की आगामी फिल्म 'रामायण' का टीजर रिलीज होने के बाद से ही दर्शकों के बीच इसकी चर्चा तेज हो गई है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं।
हालांकि, सिनेमा और टेलीविजन की दुनिया में साई पल्लवी से पहले भी कई अभिनेत्रियां माता सीता के किरदार को पर्दे पर जीवंत कर चुकी हैं। आइए जानते हैं उन कलाकारों के बारे में।
अन्ना सालुंके ने निभाया था राम और सीता दोनों का किरदार
भारतीय सिनेमा के शुरुआती दौर में महिलाओं का फिल्मों में अभिनय करना आम नहीं था। ऐसे में पुरुष कलाकार ही महिला किरदार निभाया करते थे।
साल 1917 में अभिनेता अन्ना सालुंके ने फिल्म 'रामायण' में भगवान राम और माता सीता, दोनों की भूमिका निभाई थी। इसके बाद महिला कलाकारों ने भी इस प्रतिष्ठित किरदार को पर्दे पर निभाना शुरू किया।
दुर्गा खोटे से लेकर अनीता गुहा तक
दुर्गा खोटे उन शुरुआती अभिनेत्रियों में शामिल थीं, जिन्होंने फिल्म 'सीता' में माता सीता का किरदार निभाया।
इसके बाद 1943 की फिल्म 'राम राज्य' में शोभना समर्थ सीता के रूप में नजर आईं। वहीं, 1961 की फिल्म 'संपूर्ण रामायण' में अनीता गुहा ने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया।
दीपिका चिखलिया बनीं घर-घर की सीता
माता सीता के किरदार को सबसे ज्यादा लोकप्रियता रामानंद सागर के 1987 में प्रसारित धारावाहिक 'रामायण' से मिली।
इसमें दीपिका चिखलिया ने सीता की भूमिका निभाई थी। उनका अभिनय इतना प्रभावशाली रहा कि दर्शक आज भी उन्हें इसी किरदार के लिए याद करते हैं।
स्मृति ईरानी और देबिना बनर्जी ने भी निभाई भूमिका
साल 2001-02 में प्रसारित 'रामायण' में स्मृति ईरानी ने माता सीता का किरदार निभाया। वहीं, 2008 के टीवी धारावाहिक 'रामायण' में देबिना बनर्जी सीता बनीं।
इसके बाद 2015 में आए 'सिया के राम' में मदिराक्षी मुंडले ने इस भूमिका को एक अलग अंदाज में पेश किया।
बड़े पर्दे पर नयनतारा और कृति सेनन भी बनीं सीता
फिल्मों की बात करें तो अंजलि देवी ने 1963 की तेलुगु फिल्म 'लव कुश' में सीता का किरदार निभाया।
जया प्रदा ने 'सीता कल्याणम' में इस भूमिका को पर्दे पर उतारा। वहीं, नयनतारा 2011 की फिल्म 'श्री राम राज्यम' में सीता बनीं।
साल 2023 में रिलीज हुई 'आदिपुरुष' में कृति सेनन ने जानकी की भूमिका निभाई थी।
अब साई पल्लवी की बारी
इन सभी कलाकारों के बाद अब साई पल्लवी नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में माता सीता के रूप में नजर आएंगी।
वहीं, अंजलि अरोड़ा भी अभिषेक सिंह की फिल्म 'श्री रामायण कथा' में सीता का किरदार निभा रही हैं। ऐसे में दर्शकों को आने वाले समय में इस पौराणिक किरदार के कई नए रूप देखने को मिलेंगे।
ये भी पढ़ें: शहजाद पूनावाला बने 'राइज एंड फॉल सीजन 2' के विनर, जीती 35 लाख रुपये की प्राइज मनी