टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

मेघालय की राजनीति में बड़ा उलटफेर, UDP के 8 विधायक BJP में शामिल

Ajit Kumar Singh · 23 सितम्बर 2026
UDP के 8 विधायक BJP शामिल

मेघालय: मेघालय की राजनीति में बहुत बड़ा उलटफेर हुआ है। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के 8 विधायक आज बुधवार 23 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। दिल्ली स्थित बीजेपी के मुख्यालय में इन आठ विधायकों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा एवं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी अनिल एंटनी भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

ये UDP विधायक भाजपा में हुए शामिल

भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले इन विधायकों में लहकमेन रिंबुई, पियुस मारवीन, किर्मेन शायला, मेयरलबोर्न सिएम, मैथ्यू कुरबाह, ओलान सिंह सुइन, बालाजिएड कुपार सिनरेम एवं सिनशार लिंगदोह थाबाह नाम शामिल हैं। इन 8 विधायकों के बीजेपी में शामिल होने से मेघालय विधानसभा का राजनीतिक गणितिय समीकरण बदल गया है। मेघालय की 60 सदस्यों वाली विधानसभा में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के कुल 12 विधायक थे। लेकिन अब इसमें से अलग होकर 8 बीजेपी में शामिल हो गए है। इधर बीजेपी के पास पहले सिर्फ दो विधायक थे, जो अब इन 8 विधायकों के पार्टी में शामिल हो जाने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इस तरह मेघालय विधानसभा में बीजेपी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।

इन 8 विधायकों ने बीजेपी में शामिल होने से पहले रखी ये शर्ते

चूंकि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के दो विधायक मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा के नेतृत्व वाली मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस सरकार में मंत्री भी हैं इसलिए ऐसे में इन 8 विधायकों का पार्टी बदलना UDP के लिए बड़ा बदलाव है। हालांकि, इन विधायकों के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा कई दिनों से चल रही थी। इन विधायकों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात करने के बाद बीजेपी में शामिल होने का फैसला लिया है। बीजेपी में शामिल होने से पहले इन 8 विधायकों ने अपनी कुछ मांगें रखी थी। जिनमें कोयला खनन से जुड़े नियमों में बदलाव और खासी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग भी रखी गई थीं।

मांगे पूरी करने का भाजपा ने दिया आश्वासन

भाजपा में शामिल हुए इन 8 विधायकों का कहना है कि बीजेपी ने मेघालय में होने वाले 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले इन मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। दरअसल, बीजेपी पहले से ही मेघालय की सरकार में सहयोगी पार्टी है, लेकिन अब यूडीपी के 8 विधायकों के पार्टी में शामिल होने से राज्य की राजनीति में बीजेपी की ताकत और बढ़ गई है। अब देखना यह है कि आने वाले समय में इसका असर मेघालय में सरकार और विपक्ष के बीच कैसी राजनीतिक समीकरणों को तैयार करती है।

 ये भी पढ़ें-मायावती ने बुलाई BSP की अहम बैठक, चुनावी तैयारियों को लेकर दिए जाएंगे दिशा-निर्देश