जहीर खान के बाद मोहित शर्मा की होगी चेन्नई सुपर किंग्स में एंट्री! सपोर्ट स्टाफ में मिल सकता है ये पद
Mohit Sharma: पूर्व भारतीय गेंदबाज मोहित शर्मा अगले सीजन से जहीर खान की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सपोर्ट स्टाफ में गेंदबाजी कोच के रूप में शामिल होने वाले हैं। दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है और अगर अंतिम समय में कोई बदलाव नहीं होता है, तो जल्द ही औपचारिक घोषणा होने की संभावना है।
मोहित ने आखिरी बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेला था, लेकिन इससे पहले वे सीएसके के साथ चार सीजन तक दो बार जुड़ चुके हैं। उन्होंने एरिक सिमंस की जगह बॉलिंग कोच का पद संभाला है।
🚨 MOHIT SHARMA TO CHENNAI SUPER KINGS 💛
— Johns. (@CricCrazyJohns) September 29, 2026
- Mohit is likely to become the new bowling coach of CSK in IPL 2027. [Sahil Malhotra from TOI] pic.twitter.com/Gsga05zKJM
कासी विश्वनाथन ने की पुष्टि
चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ कासी विश्वनाथन ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया,
"मोहित सीएसके में हमारे नए बॉलिंग कोच के रूप में शामिल होंगे। उनका नाम हमारे मुख्य कोच जहीर खान ने सुझाया था। मोहित ने खिलाड़ी के रूप में भी हमारे साथ शानदार प्रदर्शन किया है और हमें उम्मीद है कि वे बॉलिंग कोच के रूप में भी बेहतरीन काम करेंगे।"
उन्होंने आगे कहा "जहीर की सिफारिश पर आने वाले हफ्तों में कोचिंग स्टाफ के अगले बैच की भर्ती भी की जाएगी।"
पिछले साल लिया था संन्यास
भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके मोहित शर्मा ने पिछले साल दिसंबर में पेशेवर क्रिकेट से रिटायरमेंट ले ली थी। उस समय मोहित ने एक भावुक पोस्ट शेयर किया था। उन्होंने लिखा,
"मेरे करियर की रीढ़ की हड्डी बनने के लिए हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन को विशेष धन्यवाद। अनिरुद्ध सर के प्रति मेरी हार्दिक कृतज्ञता, जिनके निरंतर मार्गदर्शन और मुझ पर विश्वास ने मेरे जीवन को ऐसे आकार दिया है जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। बीसीसीआई, मेरे कोचों, मेरे साथियों, आईपीएल फ्रेंचाइजी, सपोर्ट स्टाफ और मेरे सभी दोस्तों को उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।"
IPL में खेले 120 मैच
38 वर्षीय मोहित शर्मा आईपीएल में 120 मैच खेल चुके हैं और उनके नाम 134 विकेट हैं। गुजरात टाइटन्स में रहते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और अपनी बहुमुखी प्रतिभा और सटीकता के दम पर टीम के लगातार विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में उभरे।
शर्मा ने जीटी में बिताए दो सीजन में 41 विकेट लिए। उन्होंने 2016 से 2018 तक पंजाब किंग्स का भी प्रतिनिधित्व किया। 2014 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था उन्होंने 23 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती थी और यह जीत उन्होंने सीएसके की जर्सी में हासिल की थी।
भारतीय टीम के साथ उनका सफर एमएस धोनी की कप्तानी में खेले गए 2015 विश्व कप के लिए याद किया जाएगा, जहां उन्होंने संयुक्त रूप से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। मोहित ने भारत के लिए 26 वनडे और आठ टी20 मैच खेले हैं और क्रमशः 31 रन और छह विकेट लिए हैं।
ये भी पढ़ें- जेल से छूटते ही खिलाड़ी की हुई टीम में एंट्री, इस दिन करेगा मैदान पर वापसी