मधुबनी गोलीकांड में बड़ा एक्शन, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड; आरोपी ASI की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें कर रही छापेमारी
बिहार के मधुबनी स्थित बलिराजगढ़ में हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही और घटना की जानकारी समय पर नहीं देने के आरोप में चौकीदार समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें बलिराजगढ़ पिकेट पर तैनात चार सैप जवान भी शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी को नौकरी से बर्खास्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
बुधवार, 4 नवंबर को मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी, उन्होंने बताया कि गोली चलाने के आरोपी एएसआई चंद्र मोहन को भी सस्पेंड कर दिया गया है। उसे सेवा से बर्खास्त करने की सिफारिश भी की गई है। मामले की जांच के लिए सदर डीएसपी-2 कामिनी कौशल के नेतृत्व में एसआईटी बनाई गई है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें तैनात
एएसआई चंद्र मोहन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तलाश अभियान तेज कर दिया है। शुरुआत में पांच टीमें बनाई गई थीं, लेकिन बाद में इनकी संख्या बढ़ाकर 12 कर दी गई। पुलिस की चार टीमें मधुबनी जिले में, चार बिहार के दूसरे इलाकों में और बाकी चार टीमें नेपाल में आरोपी की तलाश कर रही हैं। आरोपी के बारे में सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
जल्द सुनवाई के लिए स्पीडी ट्रायल की तैयारी
मामले में पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने के लिए प्रशासन ने भी कदम उठाया है। मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा और एसएसपी योगेंद्र कुमार ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश को पत्र लिखकर केस की सुनवाई जल्द शुरू कराने की मांग की है।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस इस घटना को गंभीरता से ले रही है और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी, उन्होंने बताया कि इस साल भी पुलिस ने दो गंभीर मामलों में आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में सफलता पाई है।
मृतक की पत्नी के आवेदन पर दर्ज हुई FIR
मृतक अशोक यादव की पत्नी की शिकायत पर बुधवार को एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना के समय जिस लड़की के घर पर गोलीकांड हुआ था, उसका बयान भी पुलिस ने दर्ज किया है। उसके बयान के आधार पर केस में जरूरी धाराएं जोड़ी गई हैं। इसके अलावा दोनों लड़कियों का मेडिकल टेस्ट कराया गया है। मजिस्ट्रेट के सामने भी उनके बयान दर्ज किए गए हैं।
ये भी पढ़ें- प्रशांत किशोर का सम्राट चौधरी पर निशाना, कहा- सातवीं में फेल व्यक्ति से...
5 नवंबर को परिवार से मिलेंगे तेजस्वी यादव
गोलीकांड को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज मधुबनी पहुंचकर मृतक अशोक यादव के परिवार से मुलाकात करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, तेजस्वी यादव हैदराबाद से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 4 बजकर 10 मिनट पर मृतक के घर जाकर परिजनों से मिलेंगे। मुलाकात के बाद शाम 4 बजकर 55 मिनट पर पटना के लिए रवाना हो जाएंगे।