टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

Lucknow Murder: लखनऊ में दिनदहाड़े तिहरा हत्याकांड, RSS नेता समेत परिवार के 3 लोगों की मौत; नेवी का जवान गिरफ्तार

Shailesh Yadav · 26 अक्टूबर 2026
लखनऊ में दिनदहाड़े तिहरा हत्याकांड

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह दिनदहाड़े तिहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। सआदतगंज के नौबस्ता इलाके में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नेता शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के आरोपी पड़ोसी ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के नेवी का जवान होने की बात सामने आई है।

गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद, फिर चलीं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, सआदतगंज के ब्राह्मणी टोला स्थित नौबस्ता इलाके में शिवाजी तिवारी अपने भाई शिवेंद्र, बेटे सुयश और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते थे। सोमवार सुबह घर के सामने मंदिर के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनका पड़ोसी ऋषभ शुक्ला से विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ऋषभ घर से पिस्टल लेकर आया और फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से शिवाजी तिवारी और उनके बेटे सुयश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवेंद्र तिवारी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर - नौबस्ता इलाके में शिवाजी तिवारी, भाई शंभू तिवारी और बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी यह है कि घर के पास चबूतरा बनवाने को लेकर पड़ोसियों से झगड़ा हुआ और फायरिंग कर दी गई। https://t.co/nSfOQZGjuJ

— Zuber Akhtar (@Zuber_Akhtar1) October 26, 2026

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, पिस्टल बरामद
गोलीबारी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद के दौरान ऋषभ शुक्ला ने अपनी पिस्टल से फायरिंग की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से पिस्टल बरामद की गई है।

मौके पर तैनात की गई पुलिस फोर्स
घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। जेसीपी क्राइम अपर्णा, डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव और बाजारखाला एसीपी रंजीत कुमार समेत सआदतगंज, बाजारखाला और तालकटोरा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद की वजह वाहन खड़ा करने को लेकर हुआ झगड़ा बताया जा रहा है।

RSS के सह जिला कार्यवाह रहे शिवाजी तिवारी
मृतक शिवाजी तिवारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में लखनऊ पश्चिम के सह जिला कार्यवाह रह चुके थे। वह बिजली विभाग के हाइडिल विभाग से सेवानिवृत्त थे। उनके भाई शिवेंद्र तिवारी लखनऊ विश्वविद्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत थे, जबकि बेटा सुयश बिजली से जुड़े काम करते थे और बाजारखाला इलाके में उनकी लाइट एंड साउंड की दुकान थी। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। 

और पढे़ं:  राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराई, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा!