टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

LPU में छात्रों का प्रदर्शन पुलिस की निष्क्रियता से भड़का? कांग्रेस नेता पवन बंसल ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना

Shivashakti Narayan Singh · 28 सितम्बर 2026
पंजाब सरकार पर कांग्रेस का हमला

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता पवन कुमार बंसल ने पंजाब सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद समय पर कार्रवाई नहीं होने की वजह से छात्र आक्रोशित हुए और हालात बिगड़ गए।

चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए बंसल ने कहा कि यह गंभीर मामला है। उनके मुताबिक अगर किसी घटना के बाद शिकायत दर्ज होती है तो पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कथित निष्क्रियता के कारण छात्रों का गुस्सा बढ़ा।

पंजाब सरकार पर कांग्रेस का हमला

पवन बंसल ने कहा कि प्रशासन, सरकार और पुलिस को इस पूरे मामले को संवेदनशीलता के साथ संभालना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार अपने बड़े-बड़े दावों के बावजूद पूरी तरह विफल रही है और केवल प्रचार पर ध्यान दे रही है।

पुलिस ने क्या कहा?

उधर पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने कहा कि पुलिस ने पूरे मामले में संयम बरता और न्यूनतम बल का इस्तेमाल किया। उनके मुताबिक 26 और 27 सितंबर की रात छात्रों की बड़ी संख्या कैंपस में जुटी थी, जहां कुछ तोड़फोड़ हुई और एक गेट के हिस्से में आग लगा दी गई।उन्होंने बताया कि जालंधर रेंज के DIG और कपूरथला के SSP मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।

SIT करेगी जांच

DGP ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर हाई लेवल स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी, चाहे उसका पद कुछ भी हो।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कैंपस में मिले वॉकी-टॉकी और महिला हॉस्टल के पास दिखे कुछ लोगों की भूमिका क्या थी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपुष्ट अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करें।