लॉस एंजिल्स में भूकंप से मची अफरा-तफरी, एयरपोर्ट की छत से गिरे टाइल्स, कई जगह नुकसान
अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार (28 नवंबर) को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। लॉस एंजिल्स में आए 5.0 तीव्रता के भूकंप से कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। झटकों के कारण इमारतें हिलने लगीं और दुकानों में रखा सामान जमीन पर गिर गया। लोग घबराकर अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
भूकंप के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें झटकों का असर देखा जा सकता है। लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट के एक टर्मिनल में छत के पैनल नीचे गिर गए और कुछ शीशे भी टूट गए। वहीं, एक रिफाइनरी में आग लगने की खबर का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस घटना की आधिकारिक पुष्टि जरूरी है।
भूकंप के बाद लगातार आए आफ्टरशॉक
मुख्य भूकंप के बाद कई इलाकों में आफ्टरशॉक यानी छोटे झटके भी महसूस किए गए। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती 45 मिनट के भीतर चार आफ्टरशॉक दर्ज किए गए। इससे लोगों में डर का माहौल बना रहा। भूकंप के बाद लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने तुरंत आपातकालीन व्यवस्था लागू कर दी। शहर के सभी 106 फायर स्टेशनों से कर्मचारियों को आसपास की इमारतों और जरूरी सुविधाओं की जांच के लिए भेजा गया।
एयरपोर्ट को नुकसान
भूकंप का असर लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट के टर्मिनल-7 में भी देखने को मिला। यहां कुछ कांच टूट गए और छत के पैनल नीचे गिर गए। राहत की बात यह रही कि इसके बावजूद एयरपोर्ट पर विमानों का आना-जाना जारी रहा और उड़ानों पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैनहट्टन बीच और हर्मोसा बीच के समुद्री किनारों पर बने पियर को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया कि इस भूकंप से सुनामी आने का कोई खतरा नहीं है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली के विश्वास नगर में घर में लगी आग, चार लोगों की मौत; दो घायल अस्पताल में भर्ती
2014 में भी आया था तेज भूकंप
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भूकंप के बाद 4.0 या उससे ज्यादा तीव्रता वाले आफ्टरशॉक आने की 30 प्रतिशत संभावना जताई थी। गौरतलब है कि लॉस एंजिल्स में साल 2014 में भी 5.1 तीव्रता का भूकंप आया था। ऐसे में शनिवार को आया भूकंप पिछले करीब 12 साल में इस इलाके के बड़े झटकों में गिना जा रहा है। कैलिफोर्निया भूकंप के लिहाज से काफी संवेदनशील इलाका है। फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी की मौत की खबर सामने नहीं आई है।