टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

लोहरदगा में करोड़ों की लागत से बना पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन बदहाल, खंडहर में तब्दील हो रही सरकारी संपत्ति

Shivani Gupta · 23 नवम्बर 2026
लोहरदगा में करोड़ों की लागत से बना पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन बदहाल, खंडहर में तब्दील हो रही सरकारी संपत्ति

लोहरदगा: शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर स्कूल-कॉलेजों के भवनों का निर्माण कराती है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिल सकें। लेकिन झारखंड के लोहरदगा जिले के कुजरा में सरकारी खर्च से बना पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। सालों पहले करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस भवन का उपयोग नहीं होने के कारण यह धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील होता जा रहा है।

उपयोग और रखरखाव के अभाव में जर्जर हुआ भवन

कुजरा में बना पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन लंबे समय से वीरान पड़ा है। भवन का उपयोग नहीं होने और उचित देखरेख के अभाव में इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। भवन के दरवाजे और खिड़कियां टूट चुके हैं। परिसर में भी बदहाली नजर आ रही है। जिस भवन का निर्माण विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था, वह आज उपेक्षा का शिकार बना हुआ है।

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे ₹2,000, जनवरी से शुरू होगी 'भरोसा कर्मसूची' योजना

करोड़ों रुपये खर्च, लेकिन नहीं मिल रहा लाभ

सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार बजट खर्च कर रही है। स्कूलों और कॉलेजों के भवन निर्माण से लेकर तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराने तक कई योजनाएं संचालित की जाती हैं। लेकिन भवन निर्माण के बाद यदि उसका संचालन नहीं होता और रखरखाव भी नहीं किया जाता, तो सरकारी धन खर्च करने का उद्देश्य अधूरा रह जाता है।

लोहरदगा के कुजरा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन की मौजूदा स्थिति भी सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी पर सवाल खड़े कर रही है।

भवन का संचालन शुरू कराने की जरूरत

स्थानीय स्तर पर इस भवन को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए पॉलिटेक्निक कॉलेज का उपयोग कब शुरू होगा? भवन को यूं ही छोड़ देने से उसकी स्थिति और खराब होने की आशंका है। ऐसे में प्रशासन को भवन की स्थिति का जायजा लेकर इसके संचालन और रखरखाव की दिशा में पहल करने की जरूरत है, ताकि सरकारी संपत्ति को बर्बाद होने से बचाया जा सके और इसका लाभ विद्यार्थियों को मिल सके।

रिपोर्ट: हुसैन अंसारी, लोहरदगा ब्यूरो

यह भी पढ़ें: दहेज के एक लाख रुपये को लेकर शादी में विवाद, लौटने लगी बारात; दूल्हे की जिद पर सात घंटे बाद हुई शादी