टीएनपी न्यूज़
होम / खेल
खेल

Lionel Messi: लियोनेल मेसी की डिफेंडिंग चैंपियन इंटर मियामी MLS कप प्लेऑफ से बाहर

Yomesh Panwar · 28 नवम्बर 2026
Lionel Messi

लियोनेल मेसी की टीम इंटर मियामी का MLS कप का सफर पहले ही राउंड में समाप्त हो गया है। डिफेंडिंग चैंपियन मियामी को ईस्टर्न कॉन्फ्रेंस की नंबर-7 सीड कोलंबस क्रू के खिलाफ लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। शुक्रवार रात खेले गए मुकाबले में कोलंबस ने 1-0 से जीत दर्ज कर बेस्ट-ऑफ-थ्री सीरीज अपने नाम कर ली।

लगातार दूसरी हार के साथ मियामी का सफर खत्म

कोलंबस के स्कॉट्समिरेकल-ग्रो फील्ड में खेले गए मुकाबले का फैसला इंजरी टाइम में हुआ। सैंटियागो रोड्रिगेज ने स्टॉपेज टाइम में गोल करके कोलंबस क्रू को 1-0 से जीत दिलाई। इससे पहले शनिवार को खेले गए सीरीज के पहले मैच में भी कोलंबस ने मियामी को 3-0 से हराया था।

पहले मुकाबले के दौरान मेसी भी विवादों में आ गए थे। उन्होंने थ्रो-इन के दौरान विरोधी खिलाड़ी गोंजालो टापिया के चेहरे की ओर गेंद फेंकी थी, जिस पर काफी चर्चा हुई थी।

पिछले सीजन की चैंपियन टीम इस बार नहीं दिखा पाई दम

इंटर मियामी ने पिछले सीजन में MLS कप का खिताब जीता था। इस बार भी टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन पूरे नियमित सीजन में उसका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा। मियामी नियमित सीजन में सपोर्टर्स शील्ड जीतने वाली नैशविले SC से 17 अंक पीछे रहा।

हैरानी की बात यह रही कि मियामी ने पूरे सीजन में 80 गोल किए और उसके पास लीग का सबसे महंगा रोस्टर भी था। इसके बावजूद टीम प्लेऑफ के किसी भी मुकाबले में गोल नहीं कर सकी और खिताब बचाने का उसका सपना टूट गया।

ये भी पढ़ें- इंग्लैंड टीम में आसा ट्राइब और रेहान अहमद की एंट्री, 21 साल बाद दोहराया गया 2005 का इतिहास

लुइस सुआरेज भी नहीं बदल सके मैच का रुख

शुक्रवार को मुकाबले के दूसरे हाफ के अंतिम चरण में मियामी के मुख्य कोच किली गोंजालेज ने अनुभवी स्ट्राइकर लुइस सुआरेज को मैदान पर उतारा। हालांकि, उरुग्वे के इस खिलाड़ी का टीम के प्रदर्शन पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा।

मैच के 76वें मिनट में मियामी को गोल करने का मौका मिला था। कैसेमिरो ने फ्री किक पर शानदार हेडर लगाकर गेंद को नेट में पहुंचाया, लेकिन ऑफसाइड के कारण गोल को अमान्य करार दे दिया गया।

इसके कुछ ही देर बाद जर्मन बर्टेरामे के पास भी गोल करने का अच्छा मौका आया। वह नजदीक से हेडर लगाने के बावजूद गेंद को लक्ष्य पर नहीं रख सके।

इंजरी टाइम में रोड्रिगेज ने दिलाई कोलंबस को जीत

मुकाबला जब पेनल्टी शूटआउट की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा था, तभी स्टॉपेज टाइम के दूसरे मिनट में कोलंबस ने निर्णायक हमला किया। अनास जारोरी ने बॉक्स में शानदार क्रॉस दिया, जिस पर सैंटियागो रोड्रिगेज ने गेंद को नियंत्रित करते हुए गोल कर दिया।

इस गोल के साथ ही कोलंबस क्रू ने 1-0 से मुकाबला जीतकर कॉन्फ्रेंस सेमीफाइनल में जगह बना ली। वहीं, मेसी की इंटर मियामी टीम का खिताबी बचाव पहले ही राउंड में खत्म हो गया।

नैशविले और सिनसिनाटी के बीच भी अहम मुकाबला

ईस्टर्न कॉन्फ्रेंस की शीर्ष दो सीड टीमों के जल्दी बाहर होने की संभावना भी बनी हुई है। अब नैशविले SC और सिनसिनाटी के बीच होने वाला मुकाबला अहम होगा। शनिवार को दोनों टीमें सीरीज के दूसरे मैच में आमने-सामने होंगी, जहां नैशविले के लिए वापसी करना जरूरी होगा। 

ये भी पढ़ें- मार्क मार्केज ने फैंस को दिया बड़ा झटका, MotoGP से अचानक लिया संन्यास, शेयर किया भावुक क्यू कार्ड्स

ये भी पढ़ें-  रोहित शर्मा को मिली कप्तानी, तो टूटे इन 3 खिलाड़ियों के अरमान; अधूरी रह गई कप्तान बनने की ख्वाहिश