Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में दिनदहाड़े स्कूल में गोलीकांड, महिला टीचर की हत्या के बाद युवक ने की आत्महत्या
Lakhimpur Kheri Crime News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार को एक निजी स्कूल के अंदर दिनदहाड़े गोलीकांड से सनसनी फैल गई। एक युवक स्कूल परिसर में पहुंचा और महिला शिक्षिका को गोली मार दी। इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद स्कूल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
स्कूल की छुट्टी से पहले हुई वारदात
मामला लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित शाहपुरा कोठी के चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल का है। बताया जा रहा है कि सोमवार को स्कूल की छुट्टी होने वाली थी। इसी दौरान सऊद अंसारी नाम का युवक स्कूल परिसर में पहुंच गया।आरोपी युवक महिला शिक्षिका निशात फातिमा से बातचीत करने के बहाने उन्हें सीढ़ियों के रास्ते ऊपर ले गया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस होने लगी। इसी दौरान युवक ने शिक्षिका पर गोली चला दी।
शिक्षिका के गिरते ही खुद को भी मारी गोली
गोली चलने की आवाज सुनते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद शिक्षिका नीचे गिर गईं। इसके बाद युवक ने भी खुद को गोली मार ली।दोनों को गंभीर हालत में देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस के पहुंचने तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही
प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वारदात की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगा।घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।
बच्चों को गोली नहीं लगी, बड़ी घटना टली
दिनदहाड़े स्कूल परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवक असलहा लेकर स्कूल परिसर के अंदर कैसे पहुंच गया और शिक्षिका तक पहुंचने में उसे किसी ने क्यों नहीं रोका।बताया जा रहा है कि स्कूल में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों की कक्षाएं चलती हैं। गनीमत रही कि गोलीकांड में किसी बच्चे को चोट नहीं लगी। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और युवक के स्कूल में पहुंचने से लेकर गोली चलाने तक की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है। शिक्षिका और युवक के बीच क्या संबंध था और विवाद की असली वजह क्या थी, इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है।फिलहाल पुलिस दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के साथ घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।