कुंडा में ठाकुर नेताओं व बाहुबलियों का जमावड़ा, राजा भैया की रामकथा में जुटे देशभर के दिग्गज
Kunda Ram Katha: उत्तर प्रदेश का कुंडा इन दिनों सिर्फ धार्मिक आयोजन की वजह से नहीं, बल्कि ठाकुर समाज से जुड़े प्रभावशाली नेताओं और चर्चित हस्तियों के जमावड़े को लेकर काफी चर्चा में है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के भदरी स्टेट स्थित बेंती आवास पर आयोजित श्रीराम कथा में देश के अलग-अलग हिस्सों से कई बड़े नाम पहुंच रहे हैं। बृजभूषण शरण सिंह, बृजेश सिंह, धनंजय सिंह और रविंद्र सिंह भाटी,सुशील सिंह जैसे चेहरों की मौजूदगी ने इस आयोजन को खास बना दिया है।
कथा के मंच और आसपास जुट रहे इन नेताओं की राजनीतिक पहचान भी चर्चा का विषय है। इनमें कई ऐसे नाम हैं, जिनका अपने-अपने क्षेत्रों में अच्छा-खासा राजनीतिक प्रभाव रहा है। यही वजह है कि कुंडा की इस रामकथा को ठाकुर राजनीति के चर्चित चेहरों के एक साथ जुटने के रूप में भी देखा जा रहा है।
बृजभूषण से बृजेश सिंह तक, एक मंच पर जुटे बड़े नाम
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 17 से 20 नवंबर तक इस श्रीराम कथा का वाचन कर रहे हैं। कथा में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, पूर्वांचल के चर्चित नेता बृजेश सिंह, पूर्व सांसद धनंजय सिंह और राजस्थान की शिव विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी पहुंचे हैं। इन सभी नेताओं की अपनी अलग राजनीतिक पहचान और क्षेत्रीय पकड़ रही है। बृजभूषण शरण सिंह उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वहीं बृजेश सिंह और धनंजय सिंह पूर्वांचल की राजनीति में चर्चित नाम हैं। राजस्थान के रविंद्र सिंह भाटी की मौजूदगी ने इस आयोजन को उत्तर प्रदेश से बाहर भी चर्चा में ला दिया है। इनके अलावा भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह भी कथा में पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री मनोज पांडेय और दिनेश सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान तथा झारखंड के सांसद निशिकांत दुबे की मौजूदगी ने आयोजन में राजनीतिक और सामाजिक जगत के कई चेहरों को एक साथ ला दिया।
ठाकुर समाज के प्रभावशाली चेहरों की मौजूदगी पर नजर
कुंडा की इस रामकथा में ठाकुर समाज से जुड़े कई चर्चित नेताओं का एक साथ पहुंचना अपने आप में चर्चा का विषय है। अलग-अलग राज्यों और राजनीतिक क्षेत्रों से आने वाले इन चेहरों की मौजूदगी ने इस आयोजन को व्यापक पहचान दी है। खास बात यह है कि इन नेताओं की राजनीति का दायरा केवल एक जिले या राज्य तक सीमित नहीं रहा है। बृजभूषण शरण सिंह से लेकर धनंजय सिंह और बृजेश सिंह,शक्ति सिंह तक, इन नामों का अपने-अपने क्षेत्रों में राजनीतिक प्रभाव रहा है। लोगों का मानना है कि ठाकुर नेताओं का यह महामिलन 2027 के चुनाव में अपनी एक अलग छाप छोड़ेगा।
राजा भैया के आयोजन पर क्यों टिकी हैं नजरें?
राजा भैया की कुंडा में मजबूत राजनीतिक पहचान रही है। ऐसे में उनके आवास पर आयोजित इस बड़े धार्मिक कार्यक्रम में अलग-अलग राज्यों के प्रभावशाली नेताओं का पहुंचना लोगों का ध्यान खींच रहा है। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा सुनने के लिए श्रद्धालुओं के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक जगत की हस्तियां भी पहुंच रही हैं।इस आयोजन की चर्चा इसलिए भी है क्योंकि यहां धार्मिक आस्था के मंच पर ठाकुर समाज से जुड़े कई चर्चित राजनीतिक चेहरे एक साथ नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी में निवेश की अपार संभावनाएं, पंकज सिंह बोले- योगी सरकार में तीन गुना हुई अर्थव्यवस्था