टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

CRPF चेकपोस्ट पर हमले से पहले लश्कर के आतंकियों ने की थी रेकी, CCTV में कैद हुई पूरी गतिविधि; एक आतंकी ढेर

Shivani Gupta · 17 नवम्बर 2026
CRPF चेकपोस्ट पर हमले से पहले लश्कर के आतंकियों की रेकी CCTV में कैद

जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में CRPF चेकपोस्ट पर हुए हमले से पहले लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने इलाके की रेकी की थी। पुलिस की ओर से जारी CCTV फुटेज में मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार कई जगहों पर घूमते और संभावित ठिकानों की पहचान करते नजर आए हैं। जांच के मुताबिक, दोनों ने हमले से एक दिन पहले यानी 10 नवंबर को अलग-अलग इलाकों की रेकी की और अगले दिन CRPF चेकपोस्ट पर फायरिंग कर दी। इस हमले में तीन CRPF जवान घायल हुए थे। बाद में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट फरार होने में कामयाब रहा।

यह भी पढ़ें: MS Dhoni IPL Records: पांच खिताब, 10 फाइनल और 5,400 से ज्यादा रन, आईपीएल में ऐसा रहा है धोनी का दबदबा

10 नवंबर को कई इलाकों में घूमते दिखे आतंकी

पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को कुलगाम जिले के अलग-अलग स्थानों पर लगे CCTV कैमरों में लतीफ भट और उमर निसार डार की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई थीं। दोनों मीर बाजार, अखरन, हाबलिश और किलम समेत कई इलाकों में घूमते नजर आए। जांच एजेंसियों ने CCTV फुटेज का फॉरेंसिक विश्लेषण किया, जिसके बाद पता चला कि दोनों हमले के लिए संभावित जगहों की पहचान कर रहे थे।

अगले दिन CRPF चेकपोस्ट पर किया हमला

जांच में सामने आया कि रेकी करने के अगले दिन दोनों आतंकियों ने अखरन इलाके में CRPF चेकपोस्ट को निशाना बनाया। दोनों ने चेकपोस्ट पर फायरिंग की, जिसमें तीन CRPF जवान घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, भागने के रास्ते में लगे CCTV कैमरों में भी दोनों एक साथ भागते हुए दिखाई दिए।

एक अधिकारी ने बताया कि CCTV फुटेज में 10 नवंबर को की गई रेकी के साथ-साथ अखरन में CRPF नाके पर हमले के बाद दोनों आतंकियों की गतिविधियां भी दर्ज हुई हैं।

यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक करने पर कांग्रेस का हल्लाबोल, विनोद आर्य के घर घेराव करने पहुंचीं महिला कार्यकर्ता

मुठभेड़ में उमर डार मारा गया, लतीफ भट की तलाश जारी

हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों आतंकियों की तलाश तेज कर दी। खुफिया जानकारी मिलने पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप ने कुलगाम में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों को दोनों आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी।

सुरक्षा बलों को आगे बढ़ता देख दोनों आतंकी पास के एक सेब के बागान के नजदीक स्थित दो स्कूलों की ओर भागे। इसके बाद लारू इलाके में मुठभेड़ हुई, जिसमें उमर निसार डार मारा गया। वहीं, लतीफ भट शुरुआती घेराबंदी से बचकर निकलने में कामयाब रहा। उसकी तलाश के लिए इलाके में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जांच में सामने आई उमर डार की भूमिका

जांच एजेंसियों ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट की पड़ताल के दौरान उमर डार की गतिविधियों की भी जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, उमर पहले पत्थरबाजी के एक मामले में शामिल रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि वह लतीफ भट के संपर्क में था और उसके साथ समय बिता रहा था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान फरार आतंकी लतीफ भट को पकड़ने और हमले से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच पर है।

यह भी पढ़ें: होर्मुज में मचा हड़कंप, 24 भारतीयों को लेकर जा रहे गैस टैंकर पर मिसाइल अटैक