'कोई... मिल गया' के बिट्टू सरदार ने रचाई शादी, डॉ. प्रभज्योत चावला के साथ लिए सात फेरे
Koi Mil Gaya Actor Anuj Pandit Sharma Marries: ऋतिक रोशन की फिल्म 'कोई... मिल गया' में बिट्टू सरदार का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले अभिनेता अनुज पंडित शर्मा शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने डॉ. प्रभज्योत चावला के साथ विवाह किया। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिसके बाद उनके प्रशंसकों के बीच फिल्म का उनका पुराना किरदार एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
अनुज और प्रभज्योत ने शादी को निजी समारोह के रूप में आयोजित किया। इस विवाह में हिंदू और सिख, दोनों परंपराओं की झलक देखने को मिली। रस्मों के दौरान जोड़े ने पवित्र अग्नि के सामने फेरे लिए। इसके बाद गुरुद्वारे में विवाह से जुड़े आधिकारिक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए।
हिंदू और सिख परंपराओं के साथ हुई शादीशादी के मौके पर अनुज पंडित शर्मा ऑफ-व्हाइट रंग की कढ़ाईदार शेरवानी में नजर आए। वहीं डॉ. प्रभज्योत चावला ने पारंपरिक लाल रंग का ब्राइडल लहंगा पहना था। दोनों की शादी की तस्वीरों में समारोह की सादगी और पारिवारिक माहौल दिखाई दिया। प्रभज्योत चावला की सोशल मीडिया प्रोफाइल के मुताबिक, वह हेल्थ और वेलनेस से जुड़े एक प्लेटफॉर्म की संस्थापक हैं। इसके अलावा फिटनेस के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।
'कोई... मिल गया' से मिली थी पहचान
अनुज पंडित शर्मा को साल 2003 में आई फिल्म 'कोई... मिल गया' से खास पहचान मिली थी। इस फिल्म में उन्होंने बिट्टू सरदार का किरदार निभाया था। ऋतिक रोशन की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म में उनका किरदार दर्शकों को याद रह गया। इसी साल वह फिल्म 'डरना मना है' में भी नजर आए थे। इसके बाद अनुज ने 'सय सलाम इंडिया' (2007) और 'टोटल सियापा' (2014) जैसी फिल्मों में काम किया। 'टोटल सियापा' में उन्होंने यामी गौतम के किरदार के भाई मानव की भूमिका निभाई थी।
टीवी और वेब सीरीज में भी किया काम
फिल्मों के अलावा अनुज ने टेलीविजन पर भी अपनी पहचान बनाई। साल 2015-16 में प्रसारित 'परवरिश' के दूसरे सीजन में उन्होंने जोगिंदर उर्फ जोगी खुराना का किरदार निभाया। इसके बाद 2017 से 2018 के बीच कॉमेडी सीरीज 'आदत से मजबूर' में सनी की भूमिका में दिखाई दिए। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उन्होंने काम किया है। साल 2021 में वह डिज्नी+ हॉटस्टार की शॉर्ट फॉर्म कॉमेडी वेब सीरीज 'बामिनी एंड बॉयज' में उत्पल के किरदार में नजर आए थे।
एक्टिंग के साथ लेखन में भी सक्रिय
अनुज पंडित शर्मा, जिन्हें अब अनुज अनिल शर्मा नाम से भी जाना जाता है, अभिनय के साथ लेखन में भी हाथ आजमा रहे हैं। वह आने वाले प्रोजेक्ट 'कॉमन आदमी' से जुड़े हैं, जिसमें वह अभिनय करने के साथ लेखन में भी योगदान दे रहे हैं। खुशल एस. राठौर के निर्देशन में बन रहे इस प्रोजेक्ट में ऋतुपर्णा सेनगुप्ता, सोनाली कुलकर्णी, बृजेंद्र काला और अलका अमीन जैसे कलाकार शामिल हैं। अनुज म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुके हैं। उन्होंने जी म्यूजिक कंपनी के गाने 'मेरी हीरिये' में कनिका कपूर के साथ काम किया था। इसके अलावा वह 'तेरे वास्ते' नाम के म्यूजिक वीडियो में भी दिखाई दिए थे।
यह भी पढ़ें: 'सबूत दिखाने पर मजबूर मत करो...', ईशा सिंह का अविनाश मिश्रा को खुला चैलेंज!