टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

बिहार में एक और शर्मनाक कांड, किशनगंज में युवती से सरेआम बदसलूकी;पुलिस ने दर्ज की FIR

Shivashakti Narayan Singh · 26 सितम्बर 2026
बिहार में एक और शर्मनाक कांड

Kishanganj News: बिहार में लड़कियों के साथ बदसलूकी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जमुई, समस्तीपुर और बांका के बाद अब किशनगंज से भी एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां रेलवे स्टेशन पर एक युवती को घेरकर उसके साथ मारपीट और बदसलूकी की गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर पांच आरोपियों की पहचान कर ली है।

रेलवे स्टेशन पर युवती को घेरकर की बदसलूकी

यह घटना ठाकुरगंज प्रखंड के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में कुछ युवक युवती को घेरकर दूसरी जाति के लड़के के साथ उसके कथित रिश्ते को लेकर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान युवती के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी होती है।किशनगंज के एसपी संतोष कुमार को गुरुवार रात वीडियो मिला, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर ली।

8-9 महीने पुरानी निकली घटना

पुलिस जांच में सामने आया कि यह घटना करीब आठ से नौ महीने पुरानी है। उस समय मामला स्थानीय स्तर पर सुलझा लिया गया था, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद इसे दोबारा खोला गया और अब कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

पांच आरोपियों की पहचान

पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों की पहचान की है।

  • अफसर उर्फ हती (मुस्तफागंज)
  • जुबेर खान (श्रीपुर)
  • मिजान उर्फ सलमान (जहांगीर दहीभात)
  • कामिल (कुम्हार टोली)
  • शहजाद (जागीर बस्ती दहीभात, तुलसिया)

बिहार से बाहर छिपे हैं आरोपी

पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी फिलहाल बिहार से बाहर हैं। अफसर गुजरात में, जुबेर हरियाणा में, मिजान कर्नाटक में और कामिल पंजाब में होने की जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संबंधित राज्यों से संपर्क किया जा रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद खुला मामला

पुलिस का कहना है कि हाल के दिनों में जमुई, समस्तीपुर और बांका में ऐसे मामलों में हुई कार्रवाई के बाद पीड़िता ने भी अपने साथ हुई घटना की शिकायत करने का फैसला किया। इसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।