खगड़िया में जदयू का सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद कार्यक्रम, मंत्री मदन सहनी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
खगड़िया: बिहार के खगड़िया में मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सह खगड़िया जिला प्रभारी मंत्री मदन सहनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पार्टी के विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं प्रखंड स्तर के नेता और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
2005 से अब तक बिहार में हुए बदलावों का किया जिक्र
मंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी। उस समय यह पहचानना मुश्किल होता था कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्गों से लेकर ग्रामीण सड़कों तक का निर्माण और नवीनीकरण कराया गया। आज राज्य के किसी भी जिले से राजधानी पटना पहुंचना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: बसंत चौक पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दो युवक गिरफ्तार
उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। सरकार की पोशाक योजना, छात्रवृत्ति, साइकिल योजना और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं ने विद्यार्थियों और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास की पहल के साथ 12 लाख सरकारी नौकरियों और 40 लाख रोजगार के अवसरों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
महिला सशक्तीकरण और सामाजिक न्याय पर दिया जोर
मदन सहनी ने महिला सशक्तीकरण को नीतीश सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के साथ महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत तथा पंचायतों और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। इन फैसलों से महिलाओं की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने बाल विवाह एवं दहेज उन्मूलन, शराबबंदी, जल-जीवन-हरियाली, हर घर नल का जल और सात निश्चय जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन पहलों ने बिहार में सामाजिक और आर्थिक बदलाव की नींव मजबूत की है।
यह भी पढ़ें: 27 की सत्ता: सूरजपुर में 2027 की सियासी जंग! BJP की लहर या SP का जोर?
परिसीमन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की अपील
आगामी परिसीमन का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में पंचायत, जिला परिषद, नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत, विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों की संरचना एवं संख्या में बदलाव की संभावना है। ऐसे में महिलाओं को अपनी राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के लिए अभी से तैयारी करनी चाहिए, ताकि भविष्य में निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका और मजबूत हो सके। शराबबंदी पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है।
जिलाध्यक्ष ने नीतीश कुमार को बताया महिलाओं और युवाओं का हितैषी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा ने अपने संबोधन में नीतीश कुमार के कार्यकाल में पिछले 21 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए नीतीश कुमार भाग्यविधाता साबित हुए हैं, वहीं युवाओं के हित और उनके भविष्य को लेकर भी उन्होंने लगातार काम किया है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री मदन सहनी ने कार्यकर्ताओं से सरकार की विकास योजनाओं, सुशासन और सामाजिक न्याय के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इसके अलावा विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, युवा एवं छात्र इकाई के पदाधिकारी, महिला नेत्रियां और बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
यह भी पढ़ें: तामिया में वार्ड बॉय की संदिग्ध मौत, दो दिन बाद घर में मिला शव; पास में मिली शराब की बोतल