टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AAP, केजरीवाल ने दी हरी झंडी; जल्द करेंगे देहरादून का दौरा

Shailesh Yadav · 19 नवम्बर 2026
उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AAP

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। गुरुवार को दिल्ली में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उत्तराखंड इकाई के नेताओं के बीच हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया ने इसकी जानकारी दी।

उमा सिसोदिया ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में बताया कि अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक काफी अच्छी रही। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से तैयारी शुरू करने और सभी विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारने की अनुमति दे दी है। उन्होंने कहा कि बैठक में प्रदेश संगठन को मजबूत करने और अब तक किए गए कामों की जानकारी भी राष्ट्रीय संयोजक को दी गई।

जल्द उत्तराखंड आएंगे अरविंद केजरीवाल
उमा सिसोदिया के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल ने जल्द ही देहरादून आने का भरोसा दिया है। वह उन विधानसभा क्षेत्रों का भी दौरा करेंगे, जहां पार्टी खुद को मजबूत स्थिति में मानती है। इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह और मनीष सिसोदिया भी उत्तराखंड का दौरा करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में उत्तराखंड के लिए पार्टी का रोडमैप पेश किया गया। प्रदेश समिति के सभी सदस्य इसमें मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बैठक के बाद पार्टी के नेता और कार्यकर्ता नए उत्साह के साथ मैदान में उतरेंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए दोगुनी ऊर्जा से काम करेंगे।

सभी 70 सीटें जीतने का दावा नहीं, जनता का भरोसा जीतने पर जोर
चुनाव में पार्टी को कितनी सीटें मिलने की उम्मीद है, इस सवाल पर उमा सिसोदिया ने कहा कि AAP अभी सभी 70 सीटें जीतने का दावा नहीं कर रही है। पार्टी का मुकाबला लंबे समय से प्रदेश की राजनीति में सक्रिय बीजेपी और कांग्रेस से है। ऐसे में पार्टी जनता का विश्वास हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में अपना खाता जरूर खोलेगी। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में AAP को प्रदेश की किसी भी सीट पर जीत नहीं मिली थी।

खड़गे के बयान पर कांग्रेस को दी नसीहत
हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी चुनाव लड़कर बीजेपी को फायदा पहुंचाती है। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उमा सिसोदिया ने कांग्रेस को आत्ममंथन करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि खड़गे का बयान कांग्रेस की कमजोरी को दर्शाता है। अगर किसी पार्टी को अपने उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं की मेहनत पर भरोसा है तो उसे दूसरी पार्टियों के चुनाव लड़ने पर सवाल नहीं उठाने चाहिए। उमा सिसोदिया ने कहा कि इस तरह के बयान से लगता है कि कांग्रेस को अपने संगठन, उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं की मेहनत पर ही भरोसा नहीं है।

और पढ़ें: ‘बुलडोजर से स्वागत न करें कार्यकर्ता…’ गोरखपुर हादसे पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान