काशी विश्वनाथ मंदिर के SDM पर भक्त से बदसलूकी का आरोप, वाराणसी कोर्ट ने दर्ज किया शिकायत केस
Varanasi News: काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं से कथित बदसलूकी के मामले में वाराणसी की स्थानीय अदालत ने मंदिर के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) शंभूशरण के खिलाफ शिकायत केस दर्ज किया है। एक श्रद्धालु की ओर से दाखिल शिकायत पर कोर्ट ने यह कार्रवाई की है। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश (SC/ST एक्ट) सुधाकर राय की अदालत में हुई।
3 नवंबर को दर्ज होगा शिकायतकर्ता का बयान
अदालत ने शिकायत की औपचारिक रूप से रजिस्ट्रेशन का आदेश दिया है। अब मामले में 3 नवंबर को शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया जाएगा। कोर्ट ने अपने प्रक्रियात्मक आदेश में यह भी स्पष्ट किया कि समन जारी करने को लेकर कोई निर्णय लेने से पहले आरोपी अधिकारी को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा।
16 फरवरी की रात का है मामला
शिकायतकर्ता बाबूलाल सोनकर के मुताबिक, कथित घटना 16 फरवरी 2026 की रात करीब 12:30 बजे की है। बाबूलाल अपने दोस्त अनुज पांडेय के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंदिर परिसर में SDM शंभूशरण कुछ निजी बाउंसरों के साथ मौजूद थे और श्रद्धालुओं के साथ कथित तौर पर बदसलूकी कर रहे थे। शिकायतकर्ता ने इसी मामले को लेकर अदालत का रुख किया था।
आसान दर्शन के नाम पर वसूली, 5 लोग गिरफ्तार
इससे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आसान दर्शन कराने के नाम पर कथित तौर पर पैसे वसूलने और उनके साथ बदसलूकी के एक अलग मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को चौक पुलिस ने मंदिर के गेट नंबर-4 के पास CCTV फुटेज और स्थानीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ा था। आरोप है कि ये लोग मंदिर में आसान दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से पैसे वसूलते थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाल बाबू पांडेय (35), आशीष पांडेय (24), दिलीप पांडेय (44), यश दुबे (20) और सुशील कुमार दास (21) के रूप में हुई है।