टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा AIIMS में भर्ती, बेचैनी की शिकायत के बाद हुई एंजियोग्राफी

Rajeev Singh · 14 अगस्त 2026
JP Nadda Health Update

JP Nadda Health Update:केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार 13 अगस्त की शाम उन्हें बेचैनी महसूस हुई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी एंजियोग्राफी की। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

एम्स की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, नड्डा को बेचैनी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। एंजियोग्राफी के जरिए हृदय की रक्त वाहिकाओं में किसी तरह की रुकावट या ब्लॉकेज की जांच की जाती है।

14 अगस्त को भी साझा किया था संदेश
तबीयत बिगड़ने से पहले जेपी नड्डा ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के मौके पर सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया था। उन्होंने विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले और कठिन परिस्थितियों से गुजरने वाले लाखों लोगों को याद करते हुए उनके दर्द और बलिदान को नमन किया।

राज्यसभा में भी सक्रिय रहे नड्डा
जेपी नड्डा राज्यसभा में सदन के नेता हैं और संसद के मानसून सत्र में लगातार सक्रिय नजर आए हैं। दो दिन पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सदन में अनुपस्थिति का मुद्दा उठाए जाने पर नड्डा ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने विपक्ष पर सदन को गुमराह करने और बहस से भागने का आरोप लगाया था।

भाजपा अध्यक्ष भी रह चुके हैं
जगत प्रकाश नड्डा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वह 2020 से 2026 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। इससे पहले वह केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के साथ रसायन एवं उर्वरक मंत्री भी हैं। 2 दिसंबर 1960 को पटना में जन्मे नड्डा का परिवार मूल रूप से हिमाचल प्रदेश से जुड़ा है। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से स्नातक और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की। छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े। बाद में हिमाचल प्रदेश में तीन बार विधायक चुने गए और राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली।

फिलहाल उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। 

और पढे़ं: हल्द्वानी में खड़गे के मंच के ‘शुद्धिकरण’ पर भड़कीं मायावती, बोलीं- दोषियों को तुरंत जेल भेजे सरकार

2007 के ‘ब्राह्मण समीकरण’ से आज की दूरी तक... बसपा की सियासी नर्सरी सूनी, अब सतीश मिश्रा के कंधों पर पुराना किला बचाने की बड़ी जिम्मेदारी

Written by Shailesh Yadav